उत्तराखंड की राजधानी में मोबाइल हैक और निवेश का जाल, आनंद स्वीट्स मालिक और शिक्षक बने 48.66 लाख का शिकार,,,,,,
देहरादून: देहरादून में साइबर अपराध का बड़ा मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक किया और आनंद स्वीट्स के मालिक व चमोली निवासी एक सेवानिवृत्त शिक्षक से कुल 48.66 लाख रुपये की ठगी कर ली। दोनों मामलों में अलग-अलग तरीके से जाल बिछाया गया, लेकिन पैटर्न निवेश के लालच और डिजिटल एक्सेस हासिल करने का रहा।
पहले मामले में पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार आनंद स्वीट्स के मालिक आनंद स्वरूप गुप्ता का बैंक खाता एचडीएफसी बैंक में है। 9 फरवरी को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद उनके खाते से 24.95 लाख रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। साइबर ठगों ने एक ही दिन में रकम को पांच अलग-अलग खातों में स्थानांतरित किया। 9 फरवरी को उनका मोबाइल बंद हो गया, जो 12 फरवरी को दोबारा चालू हुआ। बैंक से जानकारी लेने पर खाते से बड़ी निकासी का खुलासा हुआ। इस प्रकरण में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरा मामला चमोली जिले के नंदानगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक अंगद सिंह नेगी से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त को घर पर फेसबुक चलाते समय उन्हें एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें वित्त मंत्री सीता रमण और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई की तस्वीरों के साथ निवेश संबंधी जानकारी दी गई थी। विज्ञापन में 21 हजार रुपये के निवेश का दावा किया गया था। लिंक खोलने के बाद उन्होंने पंजीकरण किया। 16 सितंबर 2025 को संजय नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क कर डीमैट खाता खुलवाने और निवेश की प्रक्रिया शुरू कराई।
ठगों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सामान्य बचत या एफडी में 7 से 8 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि मिलती है, जबकि ट्रेडिंग के जरिए एफडी में 8 से 9 प्रतिशत मासिक लाभ संभव है। इसी लालच में उनसे 10 लाख रुपये निवेश कराए गए। 16 सितंबर 2025 से 30 अक्टूबर 2025 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 23.71 लाख रुपये जमा करवाए गए। जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो निकासी संभव नहीं हो सकी। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
दोनों घटनाओं ने एक बार फिर डिजिटल सतर्कता की आवश्यकता को रेखांकित किया है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है और लोगों से अनजान लिंक, एपीके फाइल और अवास्तविक रिटर्न के दावों से सावधान रहने की अपील की है।


More Stories
उत्तराखंड में शहरी परिवहन के नए युग की शुरुआत, देहरादून मेट्रो और हरिद्वार रोपवे से सुगम होगा आवागमन…….
उत्तराखंड गैरसैंण मे बजट पेश करने की तैयारी, 11 मार्च को पुष्कर सिंह धामी सरकार शीतकालीन राजधानी में पेश करेंगी अपना बजट,,,,,
उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, जाम से निजात हेतु प्रदेश मे 11 स्थानों पर जल्द उपलब्ध होगी पार्किंग सुविधा,,,,