February 24, 2026

उत्तराखंड, हरिद्वार पुलिस की तत्परता से 4 घंटे में अपहृत 2 वर्षीय बालिका सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार,,,

उत्तराखंड, हरिद्वार पुलिस की तत्परता से 4 घंटे में अपहृत 2 वर्षीय बालिका सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार,,,


हरिद्वार। SSP नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई कर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। तुलसी चौक क्षेत्र से अपहृत 02 वर्षीय बालिका को पुलिस ने मात्र 04 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया, जबकि अपहरण करने वाले आरोपी को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 20-02-2026 को श्रीमती सोनी पत्नी स्व. इंद्रपाल, निवासी गणेश घाट मायापुर, कोतवाली नगर हरिद्वार ने चौकी मायापुर में सूचना दी कि 19-02-2026 की रात्रि लगभग 09 बजे वह अपनी 02 वर्षीय पुत्री के साथ तुलसी चौक स्थित एचआरडीए पार्क के फुटपाथ पर सो रही थीं। रात्रि लगभग 01 बजे जागने पर उनकी पुत्री मौके पर नहीं मिली। परिजनों द्वारा रात भर खोजबीन के बावजूद बालिका का कोई सुराग नहीं लगा।
सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विभिन्न टीमें गठित कीं। मैनुअल पुलिसिंग एवं तकनीकी सहायता से 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई। व्यापक खोज अभियान के दौरान 20-02-2026 को लगभग 14:00 बजे बालिका को देवपुरा क्षेत्र में ऋषिकुल तिराहे के पास लावारिस अवस्था में सकुशल बरामद किया गया।
बालिका को तत्काल जिला महिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सीय परीक्षण में किसी प्रकार की आपराधिक पुष्टि नहीं हुई।
विवेचना के दौरान अपहरणकर्ता की पहचान रवि कुमार पुत्र सुरेश कुमार, निवासी निकट राधाकृष्ण आश्रम, सोनी ज्वैलर्स के पास, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने लगातार दबिश देते हुए दिनांक 22-02-2026 की रात्रि श्रीराम घाट के सामने पार्क, नहर पटरी मायापुर क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और बालिका को अन्य शहर ले जाकर उससे भीख मंगवाकर नशे के लिए धन जुटाने की योजना बना रहा था। ऋषिकुल तिराहे बस अड्डे पर पुलिस की सघन चेकिंग देखकर वह घबरा गया और बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध धारा 139(1) बीएनएस तथा धारा 11(4)/12 पॉक्सो अधिनियम की वृद्धि करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share