उत्तराखंड रुद्रपुर गैंगरेप कांड का खुलासा: पीड़िता का देवर निकला साजिशकर्ता, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अस्पताल में भर्ती,,,,,

रुद्रपुर (उधम सिंह नगर): उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 22 फरवरी 2026 को हुई सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि वारदात की साजिश में पीड़िता का देवर ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी ने गिरफ्तारी के भय से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पीड़िता की ओर से 24 फरवरी को दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी।
पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी अजय गणपति ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि घटना वाली रात पीड़िता अपने देवर करण के साथ गांधी पार्क में आयोजित सरस मेले से लौट रही थी। रात करीब 9 बजे जब वे मोदी मैदान के पास पहुंचे, तभी करण के परिचित तीन युवक दो बाइकों पर वहां पहुंचे।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे बहाने से ठंडी सड़क क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरी घटना की योजना पहले से बनाई गई थी और पीड़िता का देवर करण इस साजिश में शामिल था। उसी ने अपने परिचितों को मौके पर बुलाया था।
एसएसपी के मुताबिक, घटना से पहले करण की मुलाकात राजा रस्तोगी, विशाल और अभय सक्सेना उर्फ चाइना से हुई थी। बातचीत के बाद अभय सक्सेना, करण और पीड़िता को जबरन बाइक पर बैठाकर ठंडी सड़क की ओर ले गया। वहां पहले अभय सक्सेना ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद राजा रस्तोगी ने वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान करण और विशाल मौके पर मौजूद रहे, लेकिन उन्होंने कोई विरोध नहीं किया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जिला चिकित्सालय रुद्रपुर के पास से तीन आरोपियों — करण, राजा रस्तोगी और विशाल — को बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। वहीं चौथा आरोपी अभय सक्सेना उर्फ चाइना पुलिस गिरफ्तारी के डर से जहरीला पदार्थ खा बैठा। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम पुलिस निगरानी में उसका इलाज कर रही है। उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़िता को हरसंभव कानूनी और मानसिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

More Stories
उत्तराखंड/ उत्तर प्रदेश मे गंगा एक्सप्रेसवे का बदला अलाइनमेंट, अब अमरोहा–बिजनौर के रास्ते हरिद्वार तक होगा सुगम मार्ग का विस्तार,,,,,
उत्तराखंड – हिमाचल में बन रहे हैं बारिश के आसार और उत्तर-पश्चिम भारत में धीरे -धीरे बढ़ेगी गर्मी,,,,
उत्तराखंड के मुनस्यारी में हुई सनसनीखेज वारदात, Government Medical College Haldwani के एमबीबीएस छात्र समेत दो लोग चेन स्नैचिंग मे गिरफ्तार,,,,