June 2, 2026

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस ने की तैयारियां तेज, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर लिया जायजा,,,

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस ने की तैयारियां तेज, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर लिया जायजा,,,

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी 4 और 5 जून को होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दौरे की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव के साथ देहरादून पहुंचीं। आशा रोड़ी के पास कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पार्टी पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी के प्रस्तावित बैठक स्थल का निरीक्षण किया।

🟢 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद

​कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। यही कारण है कि चुनाव से काफी पहले उन्होंने राज्य को दो दिन का समय दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार आंतरिक कलह से जूझ रही है और जनता के मुद्दों की अनदेखी कर रही है।

🟢 राहुल गांधी का पूरा कार्यक्रम

  • 4 जून (अल्मोड़ा): राहुल गांधी एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें बेरोजगारी, अंकिता भंडारी न्याय मामला और राज्य के ज्वलंत मुद्दों को उठाया जाएगा।
  • 4 जून (पौड़ी): पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां उनके अधिकारों और समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
  • 5 जून (देहरादून): कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के साथ रणनीतिक बैठक होगी, जिसमें 2027 के चुनाव का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

🟢 एकजुटता का संदेश

​बैठक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेगा।

​इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, नवप्रभात, राजेंद्र भंडारी, सूर्यकांत धस्माना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित प्रदेश भर के सैकड़ों वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से इस दौरे को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया है।

Share