उत्तराखंड के जसपुर में 20 हजार की रिश्वत लेते कनिष्ठ अभियंता रंगे हाथ गिरफ्तार, VPDO पर भी केस दर्ज,,,,

काशीपुर। उत्तराखंड सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस टीम ने जसपुर ब्लॉक के कनिष्ठ अभियंता (JE) विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कुंडा क्षेत्र से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही, भ्रष्टाचार में संलिप्तता के आरोप में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) दीपक सागर के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वाटर कूलर भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, एक पंजीकृत ठेकेदार ने जसपुर ब्लॉक में वाटर कूलर लगाने का कार्य पूरा कर लिया था। इस कार्य के भुगतान (पेमेंट) को जारी करने के एवज में जेई विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये और वीपीडीयो दीपक सागर ने 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत विजिलेंस के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दर्ज कराई थी।
विजिलेंस की ट्रैप टीम ने दबोचा
शिकायत की गोपनीय जांच सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक (सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी) के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजना के तहत जैसे ही ठेकेदार से जेई विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये की रकम स्वीकार की, टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस की जनता से अपील
विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत टोल-फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

More Stories
हिमाचल प्रदेश में भूकंप के झटको से मचा हड़कंप, शिमला सहित प्रदेश के कई जिलों में कांपी धरती, रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई तीव्रता,,,
उत्तराखंड रसगुल्ले की मिठास में घुल रहा जहर, उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा, नमूनों में भारी मिलावट से हुआ खुलासा,,,
उत्तराखंड हरिद्वार कमलदास कुटिया में सेवक पर हमला कर किया गंभीर रूप से घायल, पुलिस कर रही जांच,,,