September 21, 2026

उत्तराखंड विभाग ने नौ जिलों में किया भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी फ्लैश फ्लड की आशंका के चलते प्रशासन मुस्तैद, स्कूलों में किया अवकाश घोषित,,,

उत्तराखंड विभाग ने नौ जिलों में किया भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी फ्लैश फ्लड की आशंका के चलते प्रशासन मुस्तैद, स्कूलों में किया अवकाश घोषित,,,

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के तेवर एक बार फिर तल्ख होने लगे हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक दिनभर बादलों का डेरा है और बौछारों के दौर लगातार जारी हैं। इस बीच राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग ने मंगलवार को नौ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर ‘आरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इन जिलों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका जताई गई है।

🔴 प्रशासन मुस्तैद और स्कूलों में अवकाश

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, राज्यवासियों और चारधाम यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सुरक्षा के तौर पर पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में 12वीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

🔴 मौसम का मिजाज और अलर्ट वाले जिले

सोमवार को मौसम विभाग ने देहरादून समेत तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। हालांकि, दिन में अधिकांश स्थानों पर बादल छाए रहे और शाम के समय हल्की से मध्यम बौछारें पड़ीं। पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं मध्यम वर्षा हुई, जबकि कुछ मैदानी इलाकों में उमसभरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है:

  • ऑरेंज अलर्ट वाले जिले: उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर पड़ने की आशंका है।
  • येलो अलर्ट वाले जिले: हरिद्वार, पौड़ी, अल्मोड़ा और चंपावत। इन शेष जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारें संभव हैं।

प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है।

🟢 प्रमुख शहरों का तापमान विवरण

शहर अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
देहरादून 31.6 25.3
पंतनगर 34.8 27.4
मुक्तेश्वर 20.8 15.6
नई टिहरी 24.2 17.2

(स्त्रोत: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून)

Share