September 26, 2026

उत्तराखंड हरिद्वार सिडकुल क्षेत्र में हथियार के बल पर खुलेआम कंपनी सुपरवाइजर से बाइक और मोबाइल की लूट, मामला दर्ज,,,

उत्तराखंड हरिद्वार सिडकुल क्षेत्र में हथियार के बल पर खुलेआम कंपनी सुपरवाइजर से बाइक और मोबाइल की लूट, मामला दर्ज,,,

​हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र अंतर्गत बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर से तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनेकी हेतमपुर (रोशनबाद) निवासी पंकज कुमार आईटीसी कंपनी में बतौर सुपरवाइजर कार्यरत हैं। पंकज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 सितंबर को वह अपनी पल्सर बाइक से नदी के रास्ते रानीपुर मोड़ की तरफ जा रहे थे।

​दोपहर के समय रानीपुर से नदी के पास हाईटेंशन लाइन के खंभे के समीप पहले से मौजूद चार अज्ञात युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि बदमाशों में से एक युवक ने उन पर तमंचा तान दिया और धमकाते हुए उनकी बाइक तथा मोबाइल फोन लूट लिया।

​वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक लेकर टिबड़ी रानीपुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी तेजी से निकल भागे। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल सिडकुल पुलिस को दी गई।

​सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सिडकुल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may have missed

Share