हरिद्वार हरकी पैड़ी पर अब आसान होगी बुजुर्गों और दिव्यांगों की राह, दीपावली से पहले शुरू होगी ‘गंगा सारथी’ गोल्फ कार्ट सेवा,,,,

हरिद्वार। धर्मनगरी में मां गंगा के दर्शन और पूजन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और बच्चों के लिए हरकी पैड़ी तक पहुंचना अब और आसान व सुगम होने जा रहा है।
- ढाई किमी के दायरे में चलेंगी 20 इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक कार्ट, किराया मात्र 20 रुपये तय
- जीपीएस ट्रैकिंग, फर्स्ट-एड और हर 100 मीटर पर तैनात होंगे मार्शल; व्यापारियों के लिए मासिक पास की सुविधा
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार की विशेष पहल पर नगर निगम हरिद्वार हरकी पैड़ी क्षेत्र में इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने जा रहा है। ‘गंगा सारथी’ नाम से प्रस्तावित इस सेवा को आगामी दीपावली पर्व से पहले धरातल पर उतारने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
त्योहारों व स्नान पर्वों के दौरान भारी भीड़ के चलते श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों और अशक्त लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने करीब ढाई किलोमीटर के दायरे में यह योजना तैयार की है।

योजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा। प्रथम चरण में हरिद्वार मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी तक और दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक संचालन होगा। शुरुआती चरण में 20 गोल्फ कार्ट उतारे जाएंगे, जिनका किराया 20 रुपये प्रति यात्री प्रस्तावित है। इसके अलावा स्थानीय व्यापारियों व दुकानदारों की सुविधा के लिए मासिक पास और विशिष्ट अतिथियों के लिए वीआईपी पास का प्रावधान भी रखा गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य डाकघर, हरकी पैड़ी और एक अन्य प्रमुख स्थल समेत कुल तीन टिकट काउंटर बनाए जाएंगे। वहीं सुरक्षा व सुगम आवागमन के लिहाज से इन कार्ट्स में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और फर्स्ट-एड किट की व्यवस्था रहेगी। मार्ग पर व्यवस्था बनाए रखने व यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए प्रत्येक 100 मीटर पर मार्शल तैनात किए जाएंगे।
वाहनों के निर्बाध संचालन के लिए सर्वानंद घाट के पास मुख्य चार्जिंग स्टेशन व मेंटेनेंस सेंटर बनेगा, जबकि हरकी पैड़ी स्थित ‘गुरु का लंगर’ के समीप एक सब-स्टेशन स्थापित करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
”दीपावली से पहले इस सेवा को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि आगामी बड़े त्योहारों और धार्मिक अवसरों पर हरिद्वार पहुंचने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आवागमन का लाभ मिल सके।”- नंदन कुमार, नगर आयुक्त, नगर निगम, हरिद्वार

More Stories
हरिद्वार दो अस्पतालों से रेफर नवजात को डॉक्टरों ने दिया नया जीवन, 6 दिन वेंटिलेटर सपोर्ट पर उपचार के बाद स्वस्थ हुआ बच्चा,,,,
उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार, 30 अक्टूबर से बढ़ेगी ठंड,,,
उत्तराखंड जनसमस्याओं का त्वरित व पारदर्शी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री)