November 21, 2026

उत्तराखंड में अब घर बैठे खरीद सकेंगे रेत-बजरी, खनन पट्टा व अनुमति के लिए भी शुरू हुई ऑनलाइन सुविधा,,,

उत्तराखंड में अब घर बैठे खरीद सकेंगे रेत-बजरी, खनन पट्टा व अनुमति के लिए भी शुरू हुई ऑनलाइन सुविधा,,,

​देहरादून। राज्य में निर्माण कार्यों के लिए रेत, बजरी और अन्य खनिज सामग्री खरीदने से लेकर खनन पट्टा हासिल करने तक की पूरी प्रक्रिया अब डिजिटल होने जा रही है। खनन विभाग ने सेवाओं को आमजन और कारोबारियों के लिए अधिक सुलभ व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से दो प्रमुख ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने की पहल की है। इससे लोगों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से बड़ी राहत मिलेगी।

​‘उत्तराखंड मिनरल मार्ट’ से घर पहुंचेगी निर्माण सामग्री

भवन निर्माण में उपयोग होने वाली खनिज सामग्री को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने ‘उत्तराखंड मिनरल मार्ट’ पोर्टल तैयार किया है।

  • ​सीधा संपर्क और होम डिलीवरी: पोर्टल पर विभाग ने पंजीकृत स्टॉकिस्ट और स्टोन क्रशर संचालकों के नाम व संपर्क नंबर अपलोड किए हैं।
  • ​उचित कीमत पर खरीद: उपभोक्ता घर बैठे अपनी आवश्यकता के अनुसार इन विक्रेताओं से सीधे बातचीत कर सामग्री की कीमत तय कर सकेंगे। ऑर्डर फाइनल होने के बाद संबंधित स्टॉकिस्ट या क्रशर संचालक निर्माण सामग्री सीधे उपभोक्ता के घर तक पहुंचाएंगे।

​‘ई-सर्विसेज पोर्टल’ से आसान हुए खनन आवेदन

निर्माण सामग्री की खरीद के साथ-साथ विभाग ने खनन कारोबार से जुड़ी औपचारिकताओं को भी ऑनलाइन कर दिया है। ‘ई-सर्विसेज पोर्टल’ के माध्यम से अब कोई भी इच्छुक व्यक्ति घर बैठे खनन अनुमति, खनन पट्टा और रिटेल भंडारण (स्टोरेज) जैसी विभिन्न सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेगा।

​पारदर्शिता और राजस्व में बढ़ोतरी

प्रदेश के प्रमुख राजस्व अर्जित करने वाले विभागों में शामिल खनन विभाग ने चालू वर्ष में 1200 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व लक्ष्य हासिल कर लिया है। खनन निदेशक राजपाल लेघा के अनुसार, खनिज सामग्री की उपलब्धता और आवेदन प्रक्रिया को सरल, समयबद्ध व पारदर्शी बनाने के लिए ये डिजिटल कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों और कारोबारियों दोनों को सीधा लाभ मिलेगा।

Share