उत्तराखंड हरिद्वार कुंभ से पहले संत समाज में बड़ी हलचल, करौली शंकर महाराज ने छोड़ा अपना महामंडलेश्वर पद, अखाड़े की कार्यप्रणाली पर लगाए गंभीर आरोप,,,

हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों के बीच संत समाज और धार्मिक जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास को अपना औपचारिक त्यागपत्र भेजकर सभी पदों और दायित्वों से तत्काल मुक्त करने का अनुरोध किया है।
प्रेस वार्ता कर अपने फैसले की जानकारी देते हुए करौली शंकर महाराज ने अखाड़े के भीतर चल रही आंतरिक कलह को सार्वजनिक कर दिया। उन्होंने अपने त्यागपत्र में आरोप लगाया है कि अखाड़े के पदाधिकारियों के बीच आपसी खींचतान, तानाशाही रवैया और लगातार हो रही मुकदमेबाजी के कारण अखाड़े की पारंपरिक पंचायती व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

उन्होंने अखाड़े की संपत्तियों की सुरक्षा और उपयोग पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जिन आध्यात्मिक और समाजहित के उद्देश्यों को लेकर महापुरुषों ने इस अखाड़े की स्थापना की थी, उनकी पूर्ति के बजाय निजी स्वार्थों के लिए अखाड़े की संपत्तियों का कथित रूप से शोषण और दोहन किया जा रहा है।
धार्मिक गतिविधियों में गिरावट पर चिंता जताते हुए करौली शंकर महाराज ने दावा किया कि अखाड़े में ध्यान, साधना और नियमित पूजा-पाठ जैसी मूल आध्यात्मिक गतिविधियां लगभग बंद हो चुकी हैं। उनके अनुसार, वर्तमान में वहां केवल सुबह-शाम की औपचारिक पूजा तक ही गतिविधियां सिमट कर रह गई हैं और धर्म व समाजहित के वास्तविक कार्य नहीं हो रहे हैं।

इस्तीफे के पीछे क्षेत्रीय उपेक्षा को भी एक प्रमुख कारण बताया गया है। महाराज ने पत्र में उल्लेख किया कि पंजाब से जुड़े संतों और लोगों को अखाड़े में न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व और उचित सम्मान नहीं मिल रहा है, जिससे आहत होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
गौरतलब है कि करौली शंकर महाराज अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (महानिर्वाणी गुट) के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक का दायित्व भी संभाल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने विभिन्न अखाड़ों के बीच के आपसी विवादों और खींचतान को सुलझाने की पहल की थी, लेकिन अब अपने ही अखाड़े के भीतर चल रहे विवाद से आहत होकर उन्होंने पद त्याग दिया।
आगे की रणनीति स्पष्ट करते हुए करौली शंकर महाराज ने कहा है कि वे सनातन धर्म और संत परंपरा के प्रति समर्पित रहते हुए अपने स्वतंत्र आध्यात्मिक व सामाजिक दायित्वों का निर्वहन जारी रखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर आगामी कुंभ को दिव्य और भव्य रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई है। फिलहाल उन्होंने किसी अन्य अखाड़े से जुड़ने के संकेत नहीं दिए हैं, लेकिन अब सभी की नजरें अखाड़ा नेतृत्व की ओर से आने वाली प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

More Stories
उत्तराखंड हरिद्वार IB दफ्तर में फायरिंग से मचा हड़कंप, आखिर क्यों अपने ही ‘बॉस’ की जान लेने पर उतारू हुआ ड्राइवर? आरोपी हिरासत में,,,
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव, कांग्रेस के साथ गठबंधन में 30 सीटों पर लड़ेगी सपा, अखिलेश यादव को सौंपी गई सूची,,,,
उत्तराखंड को ₹155.96 करोड़ की विकास सौगात, कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा और 178 पुलिस कार्मिक ओपीएस में शामिल,,,