November 26, 2026

हरिद्वार में नशे के खिलाफ पुलिस विभाग की बड़ी कार्रवाई, 23.21 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, रुड़की में भी 8.51 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर दबोचा,,,

हरिद्वार में नशे के खिलाफ पुलिस विभाग की बड़ी कार्रवाई, 23.21 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, रुड़की में भी 8.51 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर दबोचा,,,

​हरिद्वार/रुड़की: जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। हरिद्वार पुलिस ने ज्वालापुर, रानीपुर और सिडकुल थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 23.21 ग्राम अवैध स्मैक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त, रुड़की पुलिस ने भी 8.51 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को दबोचा है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया है।

  • ​ज्वालापुर क्षेत्र में कार्रवाई: ज्वालापुर पुलिस ने मंगलवार रात नहर पटरी पर जटवाड़ा पुल की ओर गश्त के दौरान एक आम के पेड़ के नीचे संदिग्ध अवस्था में खड़े युवक को पकड़ा। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे इस युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 11.02 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान सायन उर्फ सोनू निवासी सोनिया बस्ती, कस्साबान (कोतवाली ज्वालापुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह स्मैक साइल उर्फ सुहैल (निवासी सोनिया बस्ती) से लेकर आया था और किसी को सप्लाई करने जा रहा था।
  • ​रानीपुर पुलिस की सफलता: रानीपुर पुलिस ने सिडकुल बाईपास से कृष्ण कुंज जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 7.22 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सोनी निवासी ग्राम दादूपुर गोविंदपुर (रानीपुर) के रूप में हुई है। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि दो दिन पहले उसने महदूद क्षेत्र में किसी अज्ञात व्यक्ति से यह स्मैक खरीदी थी और इसे मुनाफे में बेचने की फिराक में था।
  • ​सिडकुल क्षेत्र में गिरफ्तारी: सिडकुल पुलिस ने रोशनाबाद स्थित आरटीओ कार्यालय से आगे तिराहे पर चेकिंग के दौरान सुमीर निवासी नगला इमरती, रुड़की (हाल निवासी सलेमपुर) को पकड़ा। उसके कब्जे से 4.59 ग्राम स्मैक बरामद की गई। आरोपी ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले रुड़की में अश्वनी नाम के युवक से यह स्मैक खरीदी थी। एसपी सिटी दीपक सिंह ने पुष्टि की है कि बुधवार को सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
  • ​रुड़की में 8.51 ग्राम स्मैक बरामद: एक अन्य कार्रवाई में रुड़की पुलिस ने ढंडेरा फाटक के पास से रौनक उर्फ गोलू (निवासी गोल भट्टा, मिलापनगर, ढंडेरा, रुड़की) को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से 8.51 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 600 रुपये की नकदी बरामद हुई है।
Share