November 29, 2026

उत्तराखंड सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं की निगरानी होगी सख्त, मुख्य सचिव ने तय की डेडलाइन; तैनात होंगे डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर,,,

उत्तराखंड सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं की निगरानी होगी सख्त, मुख्य सचिव ने तय की डेडलाइन; तैनात होंगे डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर,,,

​देहरादून। देहरादून और हल्द्वानी की पेयजल जरूरतों को पूरा करने, जल प्रबंधन और पर्यटन विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए शासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की गति तेज करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को ‘डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर’ के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए हैं।

​पोर्टल पर अपलोड होंगे कार्यों के फोटो और वीडियो

सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने पारदर्शिता और वास्तविक प्रगति के आकलन पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए कार्यों के फोटो और वीडियो ‘स्टेट प्रगति पोर्टल’ पर नियमित रूप से अपलोड किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने दोनों परियोजनाओं के तहत बनने वाले जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशने के भी निर्देश दिए।

​सौंग बांध: मार्च तक पूरे हों निर्धारित लक्ष्य

सौंग बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मार्च तक निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्य बांध का निर्माण नवंबर, 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और अब तक निर्धारित 30 प्रतिशत लक्ष्य के सापेक्ष 21 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा कर लिया गया है। मुख्य सचिव ने पुनर्वास कार्यों की अग्रिम तैयारी रखने तथा परियोजना की संशोधित लागत का अनुमोदन एक ही बार में प्राप्त करने के लिए सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने को कहा।

​जमरानी बांध: कई प्रमुख कार्य अंतिम चरण में

जमरानी बहुउद्देशीय परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए बैठक में बताया गया कि इसके आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत तथा क्रशिंग, बैचिंग व मिक्सिंग प्लांट की स्थापना का 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

​मुख्य सचिव ने जमरानी बांध के काफर डैम का निर्माण मार्च, 2027 तक हर हाल में पूरा करने की डेडलाइन दी है, जबकि मुख्य बांध का निर्माण जून, 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है। बैठक में परियोजना के संशोधित बजट अनुमान पर भी चर्चा हुई, जिसके तहत शीघ्र ही अध्ययन कर अतिरिक्त केंद्रीय सहायता के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।

You may have missed

Share