उत्तराखंड/ उत्तर प्रदेश मे गंगा एक्सप्रेसवे का बदला अलाइनमेंट, अब अमरोहा–बिजनौर के रास्ते हरिद्वार तक होगा सुगम मार्ग का विस्तार,,,,,

देहरादून। 26 फरवरी 2026, मेरठ से प्रयागराज तक प्रस्तावित 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के अलाइनमेंट में बड़ा बदलाव किया गया है। अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विस्तार अमरोहा–बिजनौर के रास्ते हरिद्वार तक किया जाएगा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकारों की आपसी सहमति के बाद नया अलाइनमेंट अंतिम रूप से तैयार कर लिया गया है।
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की प्रमुख ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में शामिल है। यह मेरठ से प्रारंभ होकर राज्य के 12 से अधिक जिलों से गुजरते हुए प्रयागराज तक जाएगा। लंबे समय से इसे हरिद्वार से जोड़ने की योजना पर विचार किया जा रहा था। पहले मेरठ–हरिद्वार सीधा कनेक्शन प्रस्तावित था, लेकिन सहमति न बन पाने के कारण अब अमरोहा और बिजनौर के रास्ते नया मार्ग तय किया गया है।
अमरोहा से हरिद्वार तक बनेगा 140 किमी का नया कॉरिडोर
नए अलाइनमेंट के तहत अमरोहा से हरिद्वार तक लगभग 140 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे विस्तार की योजना बनाई गई है। इस मार्ग से बिजनौर जिले को भी एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके बाद हरिद्वार से पूर्वांचल के कई जिलों तक सीधी सड़क कनेक्टिविटी संभव हो सकेगी। परियोजना को औपचारिक मंजूरी मिलने पर यह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच एक मजबूत आर्थिक सेतु के रूप में विकसित होगी।
सचिवालय में प्रस्तुतिकरण, सभी पहलुओं पर हुई चर्चा
मंगलवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे इंडस्ट्रियल डवलपमेंट अथारिटी (यूपीडा) के अधिकारियों ने आनंद बर्द्धन, मुख्य सचिव उत्तराखंड, के समक्ष गंगा एक्सप्रेसवे विस्तार की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस दौरान भूमि अधिग्रहण की स्थिति, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पर्यावरणीय स्वीकृति तथा पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) से जुड़े बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बिजनौर को मिलेगा एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लाभ
मेरठ से प्रयागराज तक बने गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर से जोड़ने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। पहले मेरठ–हरिद्वार प्रस्तावित विस्तार में बिजनौर को शामिल करने की संभावनाएं तलाशी जा रही थीं। अब नए अलाइनमेंट में अमरोहा से निकलने वाला एक्सप्रेसवे लिंक कॉरिडोर के जरिए बिजनौर को जोड़ेगा। इससे क्षेत्र में गंगा तटीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गंगा की दायीं दिशा से निकलेगा एक्सप्रेसवे
नए अलाइनमेंट में एक्सप्रेसवे की दिशा भी बदली गई है। पहले इसे हरिद्वार में गंगा के बाईं ओर से निकाला जाना प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे गंगा की दायीं दिशा से ले जाया जाएगा। इससे भूमि अधिग्रहण और पर्यावरणीय संतुलन को लेकर बेहतर विकल्प सामने आया है।
लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडेय ने बताया, “उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डवलपमेंट अथारिटी की ओर से सचिवालय में प्रस्तुतिकरण दिया गया है। नया अलाइनमेंट हरिद्वार को अमरोहा और बिजनौर से जोड़ देगा, जिससे दोनों राज्यों के बीच यातायात और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।”

More Stories
उत्तराखंड रुद्रपुर गैंगरेप कांड का खुलासा: पीड़िता का देवर निकला साजिशकर्ता, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अस्पताल में भर्ती,,,,,
उत्तराखंड – हिमाचल में बन रहे हैं बारिश के आसार और उत्तर-पश्चिम भारत में धीरे -धीरे बढ़ेगी गर्मी,,,,
उत्तराखंड के मुनस्यारी में हुई सनसनीखेज वारदात, Government Medical College Haldwani के एमबीबीएस छात्र समेत दो लोग चेन स्नैचिंग मे गिरफ्तार,,,,