February 17, 2026

उत्तराखंड “जन-जन की सरकार – जन-जन के द्वार” अभियान के तहत श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित “मुख्य सेवक की चौपाल” मे धामी ने सुनी जन समस्याएं,,,

उत्तराखंड “जन-जन की सरकार – जन-जन के द्वार” अभियान के तहत श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित “मुख्य सेवक की चौपाल” मे धामी ने सुनी जन समस्याएं,,,

 

 

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम आर्यनगर (गाजीवाली), श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत मुख्य सेवक की चौपाल कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने जनता के बीच बैठकर सीधे संवाद किया और स्पष्ट संदेश दिया कि अब सरकार फाइलों में नहीं, बल्कि मैदान में काम करेगी।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण किया जाए और किसी भी जनसमस्या को लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं पर देरी या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें मौके पर ही निस्तारित करने के आदेश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मुख्य सेवक की चौपाल” केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार की जवाबदेही का जीवंत प्रमाण है। सरकार का उद्देश्य है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे।

 

उन्होंने दो टूक कहा कि राज्य सरकार जनहित के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार का लक्ष्य है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा है। उन्होंने स्वयं को जनता से अलग नहीं, बल्कि उनका सेवक बताते हुए कहा कि जनता की संतुष्टि ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं और अब तक 28,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य युवाओं को अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए भी निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
किसानों के हितों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि उत्पादों के बेहतर मूल्य तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार किसानों के समग्र सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर उत्तराखंड ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। यह निर्णय सामाजिक समरसता, समानता और न्याय की भावना को सुदृढ़ करने वाला है।
हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधार अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता के कारण योजनाएं बिना भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से भ्रष्टाचार पर सख्त प्रहार किया गया है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद,जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे

You may have missed

Share