February 22, 2026

देहरादून के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों पर तेज़ी से बढ़ रहे विकास कार्य

उत्तराखंड देहरादून के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार: मुख्यमंत्री के निर्देशों पर तेज़ी से आगे बढ़ रही एमडीडीए की तीन प्रमुख परियोजनाएं,,,,

 

देहरादून। राजधानी देहरादून को सुनियोजित, आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की प्रमुख विकास परियोजनाओं को तीव्र गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करने तथा यातायात, पार्किंग और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
इसी क्रम में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने एमडीडीए की तीन अति महत्वपूर्ण परियोजनाओं—इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना, आढ़त बाजार परियोजना तथा तहसील परिसर मल्टी लेवल कार पार्किंग—का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समयसीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

🟢 इंदिरा मार्केट पुर्नविकास परियोजना 🟢

इंदिरा मार्केट एवं टैक्सी स्टैंड क्षेत्र के प्रभावित दुकानदारों को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित मार्केट में स्थानांतरित करने के उद्देश्य से यह परियोजना संचालित की जा रही है। प्रथम चरण का कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में C एवं D ब्लॉक में दो तल का बेसमेंट निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा शीर्ष तल का निर्माण कार्य जारी है।

परियोजना के अंतर्गत तीन तल के बेसमेंट में कुल 1050 कार पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। बेसमेंट निर्माण पूर्ण होने के बाद दुकानों का निर्माण कार्य किया जाएगा। इस परियोजना को दिसंबर माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र दुकानों का आवंटन किया जा सके।
🟢 आढ़त बाजार परियोजना 🟢
तहसील चौक से सहसपुर चौक के मध्य सड़क को 24 मीटर चौड़ी व्यवस्थित सड़क के रूप में विकसित किए जाने के उद्देश्य से हरिद्वार बाइपास पर लगभग 7.7 हेक्टेयर भूमि पर नवीन आढ़त बाजार विकसित किया जा रहा है।
परियोजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों की मंडियों के लिए सुव्यवस्थित लेआउट तैयार किया गया है। साथ ही लगभग 650 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल कार पार्किंग, वेयरहाउस, कार्यालय, ओवरहेड वाटर टैंक, एसटीपी, पार्क तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
🟢 मल्टी लेवल कार पार्किंग, तहसील परिसर 🟢
पलटन बाजार एवं तहसील चौक क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को देखते हुए नवीन तहसील कार्यालय के साथ मल्टी लेवल कार पार्किंग के निर्माण का प्रस्ताव है। इस परियोजना के तहत लगभग 1000 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए संबंधित संस्थाओं से वार्ता की प्रक्रिया चल रही है। आवास सचिव ने निर्देश दिए कि वार्ता शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ किया जाए।

🟢 अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश 🟢
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अपर अभियंता नवीन चंद्र जुनेजा, नज़ीर अहमद, वास्तुविद प्रशांत नौटियाल एवं परियोजना निदेशक निर्माण इकाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

🟢 आवास सचिव का बयान 🟢
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरादून शहर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा मार्केट, आढ़त बाजार और मल्टी लेवल कार पार्किंग जैसी परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था, व्यापारिक गतिविधियों और आमजन की सुविधाओं को सुदृढ़ करेंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं तथा परियोजनाओं में पारदर्शिता, तकनीकी मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित की जाए।

 

Share