February 24, 2026

उत्तराखंड अधिकारी–कर्मचारी–शिक्षक मोर्चा ने कोर कमेटी बैठक में लिए अहम निर्णय, 25 फरवरी को प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी,,,,

उत्तराखंड अधिकारी–कर्मचारी–शिक्षक मोर्चा ने कोर कमेटी बैठक में लिए अहम निर्णय, 25 फरवरी को प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी,,,,

देहरादून। उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा उत्तराखण्ड की कोर कमेटी की बैठक दिनांक 24 फरवरी 2026 को आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों एवं शिक्षकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व में घोषित आश्वासनों के बावजूद शासन स्तर से अभी तक एसओपी (SOP) जारी नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। मोर्चा ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए शीघ्र स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि एक विधायक द्वारा सार्वजनिक रूप से किए गए बयान एवं व्यवहार को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मोर्चा ने कहा कि संबंधित प्रकरण में अब तक एफआईआर दर्ज न होना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। मोर्चा ने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके अतिरिक्त निर्णय लिया गया कि दिनांक 25 फरवरी को प्रदेशभर में शिक्षा विभाग के कार्यालयों में धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा शासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षकों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की।
मोर्चा ने कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा।

You may have missed

Share