October 23, 2025

उत्तराखंड गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री ने गौमाता की पूजा कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की करी कामना,,,,

उत्तराखंड गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री ने गौमाता की पूजा कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की करी कामना,,,,

देहरादून।  मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित गौशाला में गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौमाता की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा न केवल हमारी धार्मिक परंपराओं से जुड़ी है, बल्कि यह पर्व प्रकृति संरक्षण, मनुष्य और पशु के बीच प्रेम और सहअस्तित्व का प्रतीक भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय को हिंदू धर्म में माता का दर्जा प्राप्त है और वह सनातन संस्कृति तथा कृषि जीवन का अभिन्न हिस्सा है। गौसेवा और संरक्षण न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह आजीविका और आत्मनिर्भरता से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कई परिवारों का भरण-पोषण गोपालन और गोसेवा से होता है, इसलिए समाज को एकजुट होकर गायों की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रयास करने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पहले गौशालाओं में पाले जाने वाले पशुओं के भरण-पोषण के लिए प्रति पशु ₹5 प्रतिदिन की दर से सहायता दी जाती थी, जिसे अब बढ़ाकर ₹80 प्रति पशु प्रतिदिन कर दिया गया है। साथ ही, निजी रूप से गौशालाओं के निर्माण पर 60% सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में 54 गौ सदनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, और भविष्य में भी सरकार गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता का संरक्षण हमारे धर्म, संस्कृति और पर्यावरण के संरक्षण का भी प्रतीक है — यही हमारी परंपरा और समृद्ध समाज की पहचान है।

Share