उत्तराखंड भराड़ीसैंण में बजट सत्र का दूसरा दिन आज, ₹1.11 लाख करोड़ के बजट के बाद गरमाया सियासी माहौल, विपक्ष ने बजट को बताया दिशाहीन,,,,

देहरादून: भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में चल रहे उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र 2026 का आज मंगलवार, 10 मार्च को दूसरा दिन है। पहले दिन की कार्यवाही में राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया था।
सोमवार को मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने विधानसभा में यह बजट पेश किया। यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 10.41 प्रतिशत अधिक है।
मंगलवार को सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें विधायक सरकार से विभिन्न मुद्दों पर जवाब मांगेंगे। विधानसभा अध्यक्ष को पक्ष और विपक्ष की ओर से 600 से अधिक प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिन पर प्रश्नकाल के दौरान चर्चा होगी।
आज सदन के पटल पर आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट और नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट भी रखी जाएगी। इसके अलावा सरकार चार अध्यादेश भी सदन के सामने पेश करेगी।
मुख्यमंत्री धामी द्वारा पेश किए जाने वाले अध्यादेशों में उत्तराखंड दुकान और स्थापना (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) (संशोधन) अध्यादेश 2025, उत्तराखंड जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) अध्यादेश 2025, उत्तराखंड माल और सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश 2025 तथा उत्तराखंड समान नागरिक संहिता, उत्तराखंड (संशोधन) अध्यादेश 2026 शामिल हैं।
इससे पहले सोमवार को प्रस्तुत बजट पर विपक्ष की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया भी सामने आई। नेता प्रतिपक्ष Yashpal Arya ने प्रेस नोट जारी कर बजट को निराशाजनक और दिशाहीन बताया। उनका कहना है कि सरकार का यह बजट जमीनी वास्तविकताओं से अलग दिखाई देता है और इसमें नई सोच, ठोस योजनाओं तथा दूरदर्शिता की कमी है।
यशपाल आर्या ने कहा कि बजट में केवल आंकड़ों का खेल नजर आता है और पुराने वादों को दोहराने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार यह बजट केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं पर अधिक निर्भर है और इसमें युवाओं, किसानों, व्यापारियों, मध्यम वर्ग तथा गरीबों के लिए कोई ठोस पहल नजर नहीं आती। विपक्ष का आरोप है कि सरकार विकास का आभास देने के लिए बड़े आंकड़े पेश कर रही है, जबकि वास्तविकता में योजनाएं आगे भी केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित रह सकती हैं।

More Stories
उत्तराखंड में आज देवभूमि परिवार विधेयक पास, भराड़ीसैंण में धामी सरकार ने लिए 11 बड़े फैसले,,,,
उत्तराखंड 4 करोड़ के बकाये पर हुआ टकराव, ऊर्जा निगम ने दी चेतावनी, 15 मार्च को अंधेरे में डूब सकता है झीलों का शहर नैनीताल,,,,
उत्तराखंड गैरसैंण बजट सत्र के दूसरे दिन विपक्ष ने बजट सत्र में वन्यजीव संघर्ष, रोपवे और विकास परियोजनाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा,,,,