November 5, 2025

उत्तराखंड मां मनसा देवी मार्ग का होगा पुनर्निर्माण: मुख्यमंत्री के प्रयासों को भारत सरकार ने दी मंजूरी, भक्तों की यात्रा अब होगी सुगम और सुरक्षित,,,,

उत्तराखंड मां मनसा देवी मार्ग का होगा पुनर्निर्माण: मुख्यमंत्री के प्रयासों को भारत सरकार ने दी मंजूरी, भक्तों की यात्रा अब होगी सुगम और सुरक्षित,,,,

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सतत प्रयासों का परिणाम है कि मां मनसा देवी मंदिर की पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण एवं कटाव रोकने के लिए पुनर्निर्माण कार्यों को भारत सरकार से स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना से न केवल मनसा देवी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित होगी, बल्कि हरिद्वार की धार्मिक और पर्यटन छवि को भी नया बल मिलेगा।

ज्ञातव्य है कि भारी वर्षा और भू-स्खलन के कारण मनसा देवी पैदल मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। इस समस्या के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से अनुमति हेतु शासन को पत्र भेजा था। मुख्यमंत्री धामी के विशेष हस्तक्षेप और प्रयासों से राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की 85वीं बैठक में राजाजी नेशनल पार्क रिजर्व वन क्षेत्र में पुनर्निर्माण कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इस परियोजना के संबंध में कहा कि “मां मनसा देवी हरिद्वार की पहचान हैं, इसलिए उनके मार्ग और क्षेत्र की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।” उन्होंने कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता ने जानकारी दी कि परियोजना के लिए ₹156.48 लाख की धनराशि भारत सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में हिल ट्रीटमेंट एवं मार्ग मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं, जिससे पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण और कटाव रोकथाम को सुनिश्चित किया जा सके।

इस पुनर्निर्माण परियोजना से उम्मीद है कि मां मनसा देवी का पवित्र धाम और उससे जुड़ा मार्ग पहले से अधिक मजबूत, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनकर उभरेगा — जिससे हरिद्वार आने वाले भक्तों को श्रद्धा के साथ सुविधा का भी साथ मिल सकेगा।

🟢 मुख्य बिंदु 🟢

🔴 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से भारत सरकार ने दी मंजूरी।

🔴 राजाजी नेशनल पार्क रिजर्व वन क्षेत्र में कार्यों हेतु मिली अनुमति।

🔴 ₹156.48 लाख की धनराशि स्वीकृत।

🔴 सिंचाई विभाग ने हिल ट्रीटमेंट और मरम्मत कार्य शुरू किए।

🔴 जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दी गुणवत्ता व समयसीमा पर कार्य पूर्ण करने की हिदायत।

Share