उत्तराखंड मुख्यमंत्री का मुनस्यारी दौरा, जनता से किया आत्मीय संवाद, जवानों को शुभकामनाओ सहित विकास योजनाओं पर की समीक्षा,,,,

मुनस्यारी (पिथौरागढ़): सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का मुनस्यारी हेलीपैड (राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, जी.जी.आई.सी.) पहुंचने पर जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत किया। मुख्यमंत्री को पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
भव्य स्वागत के बीच मुख्यमंत्री श्री धामी ने भारी संख्या में उपस्थित माताओं, बहनों, युवा वर्ग और स्थानीय नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने आत्मीय संवाद के दौरान कहा कि, “राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास की किरण राज्य के हर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सीमांत क्षेत्रों के लोगों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।”

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड की पहचान जनसेवा और सीमाओं की सुरक्षा में निहित है। उन्होंने कहा कि सीमांत अंचलों के लोग देश की रक्षा और प्रदेश के विकास दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि सरकार सीमांत इलाकों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विभागों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
“जनसेवा और सीमाओं की सुरक्षा — यही उत्तराखंड की पहचान है” — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी”
इसके बाद मुख्यमंत्री श्री धामी ने आईटीबीपी की 14वीं बटालियन, मुनस्यारी पोस्ट का दौरा किया, जहाँ जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मुख्यमंत्री ने जवानों से आत्मीय भेंट कर सीमाओं की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, “आपके त्याग, अनुशासन और समर्पण से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। राज्य और देश को आप पर गर्व है।”
मुख्यमंत्री ने आईटीबीपी अधिकारियों एवं जवानों को राज्य सरकार की ओर से शुभकामनाएं दीं और उनके लिए बेहतर सुविधाओं के निर्माण का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की प्रगति, जनसमस्याओं और आधारभूत ढांचागत जरूरतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से सीधे संवाद स्थापित करते हुए जनकल्याण से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री श्री धामी ने अपने कॉलेज के पुराने मित्रों से भी मुलाकात की। आत्मीय बातचीत के दौरान उन्होंने पुरानी यादें ताजा कीं, मित्रों के साथ स्मृति स्वरूप सेल्फी खिंचवाई और उनके परिवारों की कुशलक्षेम पूछी।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से मुनस्यारी क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह स्नेहपूर्ण दौरा सीमांत क्षेत्र के लिए न केवल प्रेरणादायक रहा, बल्कि इसने जनता के मन में यह भरोसा भी जगाया कि सरकार उनकी हर जरूरत और सुरक्षा के लिए तत्पर है।

More Stories
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेशाध्यक्ष की मौजूदगी में भाजपा परिवार ने भव्यतम रजत जयंती वर्ष कार्यक्रमों की तैयारियों को दिया अंतिम रूप,,,,,
उत्तराखंड परिवहन महासंघ के आह्वान पर गढ़वाल मंडल में रहेगा चक्का जाम, दून और पर्वतीय क्षेत्रों की यूनियनों का भी मिला समर्थन,,,
उत्तराखंड धर्मांतरण पर सरकार का कड़ा प्रहार, धर्मान्तरण प्रकरण में मां0 न्यायालय द्वारा पाचों अभियुक्तों को भेजा गया जेल,,,