February 23, 2026

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 IAS और 11 PCS अधिकारियों के तबादले, कई अहम विभागों में हुआ बड़ा बदलाव,,,,,,

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 IAS और 11 PCS अधिकारियों के तबादले, कई अहम विभागों में हुआ बड़ा बदलाव,,,,,,


देहरादून: उत्तराखंड शासन में लंबे समय से प्रतीक्षित बड़े प्रशासनिक बदलाव आखिरकार सामने आ गए हैं। राज्य सरकार ने एक साथ 18 आईएएस और 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए उनकी जिम्मेदारियों में व्यापक फेरबदल किया है। इस कदम को शासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, विभागीय समन्वय मजबूत करने और आगामी विकास योजनाओं व कुंभ जैसे बड़े आयोजनों की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से देखा जा रहा है।
तबादला सूची के अनुसार प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम से आवास विभाग का प्रभार वापस लिया गया है, जबकि सचिव शैलेश बगौली से पेयजल विभाग हटाया गया है। सरकार ने सचिन कुर्वे को स्वास्थ्य विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं दिलीप जावलकर से निदेशक ऑडिट का प्रभार वापस लिया गया है और सचिव बीवीआरसी पुरुषोत्तम से सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी हटाई गई है।
आईएएस स्तर पर आर. राजेश कुमार से स्वास्थ्य विभाग हटाकर उन्हें आवास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। दीपेंद्र चौधरी से सचिवालय प्रशासन और आयुष विभाग का दायित्व वापस लिया गया है। विनोद कुमार सुमन से सचिव सामान्य प्रशासन और परियोजना निदेशक यूडीआरपी का प्रभार हटाया गया है। रणवीर सिंह चौहान से आयुक्त खाद्य और राज्य संपत्ति की जिम्मेदारी वापस लेते हुए उन्हें सचिवालय प्रशासन सौंपा गया है।
इसके अलावा अहमद इकबाल को सहकारिता, रंजना राजगुरु को आयुष, आनंद स्वरूप को खाद्य विभाग, देव कृष्ण तिवारी को नियोजन सचिव, उमेश नारायण पांडे को पुनर्गठन एवं भाषा विभाग और राजेंद्र कुमार को सचिव सामान्य प्रशासन बनाया गया है। विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव निर्वाचन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। अनामिका को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है, जबकि प्रवीण कुमार को अपर निदेशक शहरी विकास नियुक्त किया गया है। वित्त सेवा के अधिकारी मनमोहन मनाली को निदेशक ऑडिट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में अरविंद पांडे को नैनीताल का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। दिनेश प्रताप सिंह से अधिशासी निदेशक चीनी का प्रभार हटाया गया है। अनिल कुमार को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार नियुक्त किया गया है, जबकि दयानंद सरस्वती से यह जिम्मेदारी वापस ली गई है। नूपुर को अधिशासी निदेशक चीनी मिल बनाया गया है। प्रत्यूष सिंह को संयुक्त सचिव एमडीडीए, आकाश जोशी को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार के साथ उप मेला अधिकारी कुंभ, राहुल शाह को डिप्टी कलेक्टर उधम सिंह नगर, संदीप कुमार को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी, मनजीत सिंह को उप मेला अधिकारी कुंभ और ललित मोहन तिवारी को डिप्टी कलेक्टर पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से उम्मीद की जा रही है कि शासन-प्रशासन की गति और प्रभावशीलता बढ़ेगी। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में शासन स्तर पर एक और तबादला सूची जारी हो सकती है, जिसमें कुछ और अधिकारियों को फील्ड और शासन स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।

You may have missed

Share