October 22, 2025

उत्तराखंड में श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम की यात्रा का वर्तमान सत्र अब अपने अंतिम पड़ाव की और,,,,,,

उत्तराखंड में श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम की यात्रा का वर्तमान सत्र अब अपने अंतिम पड़ाव की और,,,,,,

उत्तरकाशी: श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम की यात्रा का वर्तमान सत्र अब संपन्न होने जा रहा है। परंपरानुसार श्री गंगोत्री धाम मंदिर के कपाट बुधवार 22 अक्टूबर को और श्री यमुनोत्री धाम मंदिर के कपाट गुरुवार 23 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इन दोनों धामों में दीपोत्सव के आयोजन के साथ ही कपाट बंद करने से पूर्व की विशेष पूजा-अर्चनाओं का क्रम जारी है।

धार्मिक परम्परानुसार अन्नकूट पर्व पर 22 अक्टूबर 2025 को श्री गंगोत्री धाम मंदिर के कपाट पूर्वाह्न 11 बजकर 36 मिनट पर बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने पर गंगोत्री धाम से गंगा जी की उत्सव मूर्ति को डोली में बिठाकर मुखवा गाँव लाया जायेगा। जहाँ गंगा जी की उत्सव प्रतिमा गंगा मंदिर में शीतकाल में विराजमान रहेंगी। श्रद्धालुजन शीतकाल में मुखवा के गंगा मंदिर में दर्शन-पूजन कर सकेंगे।

श्री यमुनोत्री धाम मंदिर के कपाट भी 23 अक्टूबर 2025 को भैयादूज के पर्व पर अपराह्न 12:30 बजे बंद किए जाएंगे। शीतकाल में यमुना जी की उत्सव मूर्ति खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में विराजमान रहेंगी। जहां पर शीतकाल के दौरान श्रद्धालुजन यमुना जी के दर्शन व पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

गंगोत्री मंदिर समिति और यमुनोत्री मंदिर समिति द्वारा कपाटबंदी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर में विशैष सजावट करने के साथ ही मुखवा और खरसाली स्थित मंदिरों को भी सजाया-संवारा गया है। प्रशासन और पुलिस विभाग के द्वारा भी कपाटबंदी को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कर लिए गए हैं।

इस यात्राकाल में आज सांय तक जिले में अवस्थित इन दोनों धामों में 1402128 तीर्थयात्रियों का आगमन हुआ है। जिनमे से यमुनोत्री धाम में आने वाले 644366 और गंगोत्री धाम में आने वाले 757762 तीर्थयात्री शामिल हैं।

Share