
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विकास को गति देते हुए कई अहम योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत रोडी बेलवाला क्षेत्र के पुनरुद्धार एवं विकास कार्यों के लिए ₹59.11 करोड़ की योजना को मुख्यमंत्री ने अनुमोदन दे दिया है। इससे हरिद्वार में गंगा तट के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गैरसैंण (चमोली) विधानसभा परिसर, भराड़ीसैंण में सम्पूर्ण चाहरदीवारी एवं मुख्य गेट के निर्माण कार्य हेतु वास्तविक लागत ₹9.87 करोड़ के सापेक्ष द्वितीय किश्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी ₹3.95 करोड़ की धनराशि जारी किए जाने को भी मंजूरी दी है। इससे राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में अधोसंरचना विकास को बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024-25 के अंतर्गत राज्य को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना के तहत मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण और जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नैनीताल की कुल 09 योजनाओं के लिए आवास विभाग, उत्तराखंड को आवंटित ₹164.67 करोड़ की धनराशि को भी स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।
वहीं कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सातवें पुनरीक्षित वेतनमान में वेतन आहरित कर रहे स्वायत्तशासी संस्थाओं यू-कॉस्ट एवं यू-सैक के नियमित कार्मिकों के लिए महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई दर को मंजूरी दी है। इसके तहत 01 जनवरी 2025 से महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत तथा 01 जुलाई 2025 से 58 प्रतिशत किए जाने की अनुमति प्रदान की गई है।

More Stories
उत्तराखंड, हरिद्वार “प्रेरणा 1.0 – श्रेष्ठ रत्न सम्मान समारोह” में समाज के प्रेरक व्यक्तित्व हुए सम्मानित, सामाजिक चेतना का संदेश,,,,,
उत्तराखंड प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से मारपीट पर विधायक उमेश शर्मा ने जताया अफसोस, संबंधित सभी पक्षों से माफी मांगी,,,,,
उत्तराखंड की राजधानी के सिल्वर सिटी मॉल मर्डर केस मे UPI पेमेंट से खुला बड़ा राज, साजिश की परतें हुई बेनकाब,,,,,