उत्तराखंड राजधानी में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 17 गैस एजेंसियों व 45 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 19 सिलेंडर जब्त, कालाबाजारी में दो गिरफ्तार,,,

देहरादून: एलपीजी गैस की आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों और कालाबाजारी की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर प्रशासन की विभिन्न टीमों ने जिले में व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों की जांच की गई। कार्रवाई में 19 गैस सिलेंडर जब्त किए गए तथा गैस की कालाबाजारी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। डोईवाला क्षेत्र में इस मामले में दो मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। कंट्रोल रूम के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का लगातार निस्तारण किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा जारी 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 341 शिकायतें दर्ज की गईं।
कंट्रोल रूम में जिला पूर्ति विभाग और जिले में गैस आपूर्ति करने वाली सभी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद हैं, जो गैस की उपलब्धता, वितरण और अन्य समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज लगभग 29,120 घरेलू उपभोक्ताओं और 69 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू सिलेंडरों का लगभग 67 हजार का बैकलॉग चल रहा है।
प्रशासन के अनुसार 1 मार्च से अब तक 1,91,548 घरेलू और 15,336 व्यावसायिक गैस सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 31,807 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। मांग को देखते हुए गैस की आपूर्ति बढ़ाने के लिए अतिरिक्त लोड भी बढ़ा दिया गया है, जिससे जल्द ही बैकलॉग कम होने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही नई व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही अगली गैस बुकिंग कराई जा सकेगी। प्रशासन ने लोगों से किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम में देने की अपील की है।

More Stories
उत्तराखंड हरिद्वार में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का मामला, धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने दिए FIR दर्ज करने के निर्देश,,,,,
उत्तराखंड के मसूरी में सजा भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव का शाही मंडप, आज वंशिका संग सात फेरे लेंगे कुलदीप,,,,,
उत्तराखंड ऋषिकेश में RBNL परियोजना स्थल देखने पहुँचा ओडिशा का मीडिया प्रतिनिधिमंडल, DGM (सिविल) ओम प्रकाश मालगुरी ने गर्मजोशी से स्वागत,,