उत्तराखंड लोगों की भावना के अनुरूप हो सभी निर्माण कार्य- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री, उत्तराखंड)

खटीमा (उत्तराखंड):मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित लोहियाहेड कैम्प कार्यालय में “शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना” की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से संबंधित सभी कार्य जनता की भावना, स्थानीय संस्कृति और आस्था के अनुरूप किए जाएं, ताकि यह क्षेत्र श्रद्धा, संस्कृति और समृद्धि का केंद्र बन सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना का उद्देश्य लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का समग्र विकास करना है। इस परियोजना के अंतर्गत धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन और पर्यावरणीय दृष्टि से क्षेत्र को सशक्त एवं आकर्षक बनाया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग ₹3300 करोड़ है।
“शारदा कॉरिडोर बनेगा श्रद्धा, संस्कृति और समृद्धि का केंद्र- ₹3300 करोड़ की परियोजना से टनकपुर क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान”
बैठक में मुख्यमंत्री ने परियोजना के तहत प्रस्तावित 38 प्रमुख कार्यों की समीक्षा की। इनमें शारदा घाट का पुनर्विकास, सिटी ड्रेनेज प्लान, रणकोची माता मंदिर का पुनरुद्धार, बनबसा में हेलीपोर्ट का विकास, चूका से चल्थी माउंटेन बाइक ट्रेल निर्माण, अंतरराष्ट्रीय सीमा बाजार का निर्माण, श्रद्धा पथ नदी तट का सौंदर्यीकरण, शारदा रिवरफ्रंट मास्टर प्लान तथा एयरो स्पोर्ट्स सुविधाओं का विकास शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण एवं हस्तांतरण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि सभी निर्माण कार्यों में पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और डिज़ाइन स्थानीय संस्कृति व स्थापत्य शैली के अनुरूप तैयार की जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को क्षेत्र में स्थानीय कार्यालय स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि कार्यों की गति में तेजी लाई जा सके और अनावश्यक विलंब रोका जा सके।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि आने वाले समय में लोहाघाट स्थित विवेकानंद सर्किट का विकास तथा मां वाराही धाम को स्पिरिचुअल ज़ोन के रूप में विकसित करने के कार्य भी प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही, क्षेत्र को डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने और शौर्य स्थल का निर्माण कर वीर शहीदों के सम्मान में विशेष स्थल विकसित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शारदा कॉरिडोर परियोजना का उद्देश्य टनकपुर की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को सहेजना है। यह परियोजना न केवल स्थानीय रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि जनजीवन के स्तर में भी सुधार लाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह भव्य परियोजना टनकपुर को नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी।
बैठक में दर्जा मंत्री अनिल कपूर, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी चम्पावत कृष्णा नाथ गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

More Stories
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेशाध्यक्ष की मौजूदगी में भाजपा परिवार ने भव्यतम रजत जयंती वर्ष कार्यक्रमों की तैयारियों को दिया अंतिम रूप,,,,,
उत्तराखंड परिवहन महासंघ के आह्वान पर गढ़वाल मंडल में रहेगा चक्का जाम, दून और पर्वतीय क्षेत्रों की यूनियनों का भी मिला समर्थन,,,
उत्तराखंड धर्मांतरण पर सरकार का कड़ा प्रहार, धर्मान्तरण प्रकरण में मां0 न्यायालय द्वारा पाचों अभियुक्तों को भेजा गया जेल,,,