October 29, 2025

उत्तराखंड हेमकुंट साहिब यात्रा रही ऐतिहासिक रूप से सफल, गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मिलकर जताया आभार,,,,,

उत्तराखंड हेमकुंट साहिब यात्रा रही ऐतिहासिक रूप से सफल, गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मिलकर जताया आभार,,,,,

देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को सचिवालय में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान श्री बिंद्रा ने हेमकुंट साहिब यात्रा व्यवस्थाओं में राज्य सरकार, मुख्यमंत्री तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए गहरा आभार व्यक्त किया।

श्री बिंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के विशेष सहयोग और समय-समय पर दिए गए निर्देशों के फलस्वरूप इस वर्ष हेमकुंट साहिब यात्रा सुचारू एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि इस बार भारत और विदेशों से रिकॉर्ड 2,75,000 श्रद्धालु यात्रा में सम्मिलित हुए। प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों के बावजूद यात्रा का प्रभावी प्रबंधन किया गया, यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और समन्वय के लिए किए गए प्रयासों की श्रद्धालुओं ने व्यापक सराहना की।

ट्रस्ट अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष आगामी यात्राओं के लिए आधारभूत संरचना और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुधारों के सुझाव भी रखे।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हेमकुंट साहिब यात्रा राज्य के आध्यात्मिक गौरव का प्रतीक है और चारधाम की तरह इसका भी विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थ यात्राओं के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठोस कार्ययोजना पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक रोपवे बनने से हिमालयी क्षेत्र की यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी।

गौरतलब है कि इस वर्ष यात्रा शुरू होने से दो माह पूर्व गोविंदघाट को हेमकुंट यात्रा मार्ग से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण पुल भूस्खलन से पूरी तरह ध्वस्त हो गया था। मुख्यमंत्री के प्रत्यक्ष हस्तक्षेप और प्रभावी नेतृत्व में नया घाटी पुल समय से पूर्व तैयार हो गया, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन निर्बाध बना रहा।

श्री बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष को राज्य में भव्य रूप से मनाने और गुरु महाराज के अद्वितीय बलिदान से जनता को अवगत कराने हेतु निर्देश जारी करने के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हेमकुंट साहिब यात्रा भविष्य में विश्वास, एकता और कुशल प्रबंधन का प्रतीक बनेगी।

You may have missed

Share