January 15, 2026

उत्तराखंड में जल्द बदल सकता है मौसम का मिजाज, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों में वर्षा और बर्फबारी के आसार,,,,

उत्तराखंड में जल्द बदल सकता है मौसम का मिजाज, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों में वर्षा और बर्फबारी के आसार,,,,

देहरादून: उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में लंबे समय से शुष्क मौसम बना हुआ है, लेकिन अब मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं।

मंगलवार को देहरादून समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे, जिससे अगले कुछ दिन में वर्षा की उम्मीद जगी है।

हालांकि, इससे कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई और ठिठुरन बढ़ गई। प्रदेश में अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी शुक्रवार से पहाड़ों में वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।

देहरादून में मंगलवार को सुबह हल्की धुंध व कोहरा छाया रहा। हालांकि, उसके बाद हल्की धूप खिली। दिन में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही।

इसके साथ ही हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई। हालांकि, शाम को आसमान साफ हो गया। उधर, पहाड़ों में भी सर्द हवाओं से कंपकंपी बढ़ गई और कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडराते रहे।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज राज्य के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, ठंड से राहत के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।

हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर के साथ ही नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना जताई गई है, जिससे फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है।

ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार जनपदों में शीत दिवस की स्थिति को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

उधर, शुक्रवार को राज्य के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या बर्फबारी होने की संभावना है।

🔴उत्तराखंड के प्रमुख शहरों के तापमान🔴
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
देहरादून 19.8 6.5
ऊधम सिंह नगर 19.5 5.6
मुक्तेश्वर 18.7 3.3
नई टिहरी 14.8 3.6

Share