उत्तराखंड में प्रभारी गायब, नड्डा मौजूद, उत्तराखंड बीजेपी की बैठक ने बढ़ाया प्रदेश मे सियासी तापमान,,,,,

देहरादून: राजधानी में शनिवार को उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एक खास पहलू यह रहा कि दो पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और तीरथ सिंह रावत शामिल नहीं हुए। साथ ही यह पहली बार रहा जब प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी की अनुपस्थिति में कोर कमेटी की बैठक संपन्न हुई।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी दी कि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में शामिल प्रमुख नेता
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजेय, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, लोकसभा सांसद अनिल बलूनी, अजय टम्टा, माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और धनसिंह रावत, तथा हरिद्वार विधायक मदन कौशिक मौजूद रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजेय, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, लोकसभा सांसद अनिल बलूनी, अजय टम्टा, माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और धनसिंह रावत, तथा हरिद्वार विधायक मदन कौशिक मौजूद रहे।
7 मार्च से प्रदेशव्यापी प्रशिक्षण अभियान
बैठक के बाद महेंद्र भट्ट ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। आगामी 7 मार्च से 14 अप्रैल तक प्रदेश के सभी मंडलों में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों और चुनावी तैयारी से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। सांसदों को भी इन सत्रों में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा।
17 फरवरी को देहरादून में प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित होगी। उसी दिन मुख्यमंत्री आवास में प्रांतीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ मुख्यमंत्री का संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। विधानसभाओं से जमीनी फीडबैक एकत्र कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर बड़ा आयोजन
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 23 मार्च को राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर बड़े स्तर का कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है, जिसमें डेढ़ से दो लाख कार्यकर्ताओं के शामिल होने का लक्ष्य है। इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति सुनिश्चित करने की योजना बनाई जाएगी। कार्यक्रम की तिथि और रूपरेखा को लेकर कोर कमेटी की अलग बैठक होगी।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न मोर्चों की संयुक्त बैठक मार्च के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है, जिसमें चुनावी भूमिका और बूथ सुदृढ़ीकरण पर चर्चा होगी। विशेष रूप से उन बूथों पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां पिछली बार पार्टी पीछे रह गई थी। विधायकों के साथ अलग बैठक में आंतरिक सर्वे और फीडबैक पर भी विचार किया जाएगा।
मंत्रिमंडल विस्तार और दायित्वों पर चर्चा
महेंद्र भट्ट ने बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार और दायित्व वितरण से जुड़े मुद्दे केंद्रीय पर्यवेक्षक जेपी नड्डा के समक्ष रखे गए। उन्होंने कहा कि इन सुझावों को नोट किया गया है और जल्द परिणाम सामने आ सकते हैं। साथ ही दायित्वों की सूची भी आगामी दिनों में जारी होने की संभावना जताई गई।
प्रभारी की अनुपस्थिति पर सफाई
प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी की गैरमौजूदगी पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र में नई टीम के गठन के बाद ही प्रदेश प्रभारी को लेकर निर्णय लिया जाएगा। दुष्यंत गौतम के अन्य कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण अनुपस्थित रहने की जानकारी दी गई, जबकि सह-प्रभारी रेखा वर्मा पश्चिम बंगाल चुनाव में व्यस्त थीं और उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष से पूर्व अनुमति ली थी।
देहरादून में आयोजित इस बैठक को संगठनात्मक मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और सरकार के चार साल पूरे होने के कार्यक्रम की तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। भाजपा ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले महीनों में संगठनात्मक ढांचे को और सक्रिय एवं सुदृढ़ किया जाएगा।

More Stories
आज का भविष्यफल- क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन रविवार दिनांक 15/02/2026
उत्तराखंड में यहाँ 576 वर्ग इंच के गड्ढे से करवाई जा रही थी हाईटेक नकल, देहरादून मे STF ने नकल गिरोह का किया भंडाफोड़ 02 आरोपी गिरफ्तार,,,,
उत्तराखंड देहरादून में सब रजिस्ट्रार सस्पेंड, करोड़ों की स्टांप चोरी और फर्जी कर्मचारी से काम कराने पर शासन ने लिया बड़ा एक्शन,,,,,