उत्तराखंड सिल्वर सिटी मॉल शूटआउट: विक्रम शर्मा हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, छह फरार आरोपियों पर इनाम घोषित,,,,,

देहरादून।
राजधानी देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी को हुए गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों—अक्षत ठाकुर और राजकुमार—को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी हत्या की साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे और वारदात की तैयारी कई महीनों से चल रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा को निशाना बनाने की योजना काफी पहले बना ली गई थी। जमशेदपुर और नोएडा में भी उसे मारने की कोशिश की तैयारी की गई थी, लेकिन हर बार उसके साथ अधिक लोगों की मौजूदगी के कारण आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
सूत्रों के अनुसार, घटना से करीब तीन महीने पहले साजिश में शामिल एक आरोपी ने उसी जिम में सदस्यता ली थी, जहां विक्रम शर्मा नियमित रूप से जाता था। इसे उसकी गतिविधियों पर नजर रखने और रेकी करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
वारदात के दिन का घटनाक्रम
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि घटना वाले दिन एक आरोपी ने मोबाइल फोन के माध्यम से अपने साथियों को सूचना दी कि विक्रम शर्मा जिम में मौजूद है। इसी जानकारी के आधार पर हमलावर सक्रिय हुए और मॉल के बाहर घात लगाकर हमला किया।
फरार होने के लिए आरोपियों ने हरिद्वार से एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल किराए पर ली थी, जिनका इस्तेमाल वारदात के बाद भागने में किया गया।
13 फरवरी को हुई थी सनसनीखेज हत्या
13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल स्थित जिम से बाहर निकलते समय हमलावरों ने विक्रम शर्मा को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर मामले की तह तक पहुंचने के लिए व्यापक स्तर पर जांच शुरू की थी।
छह आरोपियों पर इनाम घोषित
देहरादून के एसएसपी ने फरार छह आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। फरार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं-
अंकित वर्मा (निवासी जमशेदपुर, झारखंड),
आशुतोष सिंह (निवासी जमशेदपुर, झारखंड),
विशाल सिंह (निवासी जमशेदपुर, झारखंड),
आकाश कुमार,
यशराज,
जितेंद्र।
पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

More Stories
उत्तराखंड सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा के लिए होंगी एसओपी तैयार- पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री) उत्तराखंड
मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों व जनप्रतिनिधियों संग सुना ‘मन की बात’, AI, अंगदान और डिजिटल सुरक्षा पर दिया जागरूकता का संदेश,,,.
जैसे चीनी की मिठास को जानने के लिए उसे चखना पड़ता है, वैसे ही संघ को समझने के लिए संघ के कार्य में आना आवश्यक- मोहन भागवत