November 19, 2026

दून चिड़ियाघर में ‘तेजस’ की दहाड़, सीएम धामी ने किया सफेद बाघ के नए बाड़े का लोकार्पण ,,,,,,

दून चिड़ियाघर में ‘तेजस’ की दहाड़, सीएम धामी ने किया सफेद बाघ के नए बाड़े का लोकार्पण ,,,,,,

​देहरादून, उत्तराखंड के वन्यजीव पर्यटन में गुरुवार को एक नया और रोमांचक अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में राज्य के पहले सफेद बाघ ‘तेजस’ के अत्याधुनिक बाड़े का विधिवत लोकार्पण किया। इसके साथ ही नीली आंखों और सफेद शरीर पर काली धारियों वाले इस दुर्लभ बाघ को आम पर्यटकों के दीदार के लिए समर्पित कर दिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने के लिए कॉलेज के छात्रों को चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश देने की बड़ी घोषणा भी की।

​ग्वालियर से विशेष वाहन के जरिए लाया गया दून

करीब ढाई साल के सफेद बाघ ‘तेजस’ को मध्य प्रदेश के ग्वालियर चिड़ियाघर से विशेष रेस्क्यू वाहन के माध्यम से लगभग 556 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर देहरादून लाया गया है। चिड़ियाघर प्रशासन ने इसके लिए विशेष वातावरण और सुरक्षा मानकों वाला नया बाड़ा तैयार किया है। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने बाड़े के पास जाकर तेजस की गतिविधियों को देखा और वन विभाग के प्रयासों की सराहना की।

​युवाओं को प्रकृति से जोड़ने की पहल

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बच्चों के साथ-साथ अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। उन्होंने कहा, “इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे प्रकृति के प्रति अधिक संवेदनशील बन सकें।”

​इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन पर जोर

सीएम धामी ने राज्य के विकास मॉडल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील है, इसलिए सरकार ‘इकोलॉजी और इकोनॉमी’ के बीच बेहतर संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर में प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे लगभग 7 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होता है। ‘तेजस’ के आगमन से न केवल पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा, बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

​मौके पर ये रहे मौजूद

इस मौके पर प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव (वन) आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल सहित वन विभाग और चिड़ियाघर प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed

Share