November 23, 2026

बिसलेरी के पानी में मिले खतरनाक रसायन, FSSAI ने दी मुकदमे की मंजूरी,देशभर में सैंपल जांच के आदेश,,,,,,,

बिसलेरी के पानी में मिले खतरनाक रसायन, FSSAI ने दी मुकदमे की मंजूरी,देशभर में सैंपल जांच के आदेश,,,,,,,

​नई दिल्ली, देश के सबसे बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड ‘बिसलेरी’ की गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने प्रयोगशाला जांच में पानी के एक सैंपल को पीने के लिए ‘असुरक्षित’ पाए जाने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है। इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद केंद्र सरकार और खाद्य नियामक संस्था ने सख्त रुख अपनाते हुए देशभर में बिकने वाले सभी ब्रांडेड बोतलबंद पानी की व्यापक जांच करने के निर्देश जारी किए हैं

​दो चरणों की लैब जांच में खुला मामला

​यह पूरा प्रकरण सितंबर 2025 में शुरू हुआ था, जब एफएसएसएआई की टीम ने बिसलेरी के गोवा स्थित प्लांट से पानी के कुल छह सैंपल लिए थे। इनमें से पांच सैंपल मानकों पर खरे उतरे, लेकिन छठे सैंपल की शुरुआती जांच में ‘ब्रोमेट’ की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई, जो तय सीमा (10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर) से 20 प्रतिशत अधिक थी। सैंपल को रेफरल लैब में दोबारा जांचे जाने पर ब्रोमेट का स्तर तो सामान्य मिला, लेकिन पानी में ‘पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन’ (PAHs) नामक खतरनाक तत्वों की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसी आधार पर प्रयोगशाला ने पानी को मानव उपभोग के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया।

​किडनी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा

​स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि पानी को कीटाणुरहित करने के लिए इस्तेमाल होने वाली ओजोन गैस जब पानी में मौजूद प्राकृतिक ब्रोमाइड से क्रिया करती है, तो ब्रोमेट बनता है। लंबे समय तक इसके सेवन से किडनी और थायरॉइड ट्यूमर का खतरा बढ़ सकता है। दूसरी ओर, पीएएच (PAHs) ऐसे पर्यावरणीय प्रदूषक हैं, जिनमें बेंजो-ए-पाइरीन जैसे कैंसर कारक (कार्सिनोजेनिक) तत्व होते हैं, जो डीएनए को नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह मामला केवल एक विशेष बैच के सैंपल से जुड़ा है, इसलिए बाजार में मौजूद कंपनी की हर बोतल को दूषित नहीं समझा जाना चाहिए।

​कंपनी के आधिकारिक बयान का इंतजार

​इस पूरे विवाद और एफएसएसएआई द्वारा मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने के बाद अब सबकी नजरें बिसलेरी प्रबंधन के आधिकारिक रुख पर टिकी हैं। फिलहाल इस मामले पर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या सफाई सामने नहीं आई है, जबकि नियामक संस्था ने देशभर में बोतलबंद पानी की निगरानी तेज कर दी है।

You may have missed

Share