February 16, 2026

उत्तराखंड शिवरात्रि पर तय हुई श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि, 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे बाबा बर्फानी के दरबार,,,,,

उत्तराखंड शिवरात्रि पर तय हुई श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि, 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे बाबा बर्फानी के दरबार,,,,,

उखीमठ/रुद्रप्रयाग:  महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में परंपरागत विधि-विधान और पंचांग गणना के पश्चात ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी गई।
इस यात्रा वर्ष में श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। कार्यक्रम में केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल सहित धर्माचार्य, हक-हकूकधारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
🟢 पंचमुखी डोली यात्रा का कार्यक्रम
कपाटोद्घाटन के साथ भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली यात्रा का कार्यक्रम भी घोषित किया गया—
18 अप्रैल: श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना
19 अप्रैल: पंचमुखी डोली उखीमठ से फाटा के लिए प्रस्थान
20 अप्रैल: गौरीकुंड पड़ाव
21 अप्रैल: श्री केदारनाथ धाम पहुंचना
22 अप्रैल: प्रातः 8 बजे कपाट खुलेंगे
इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर को साढ़े नौ क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। दानीदाताओं द्वारा भंडारे आयोजित किए गए और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरा वातावरण “जय श्री केदार” के जयघोष से भक्तिमय हो गया।

🟢 बीकेटीसी अध्यक्ष का संदेश
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट खुलने की तिथि घोषित होने पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए चारधाम यात्रा में आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा आस्था, परंपरा और आजीविका का समन्वित स्वरूप है, जिसमें हक-हकूकधारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु बीकेटीसी राज्य सरकार व प्रशासन के साथ समन्वय से कार्य कर रही है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे और श्री केदारनाथ धाम की तिथि घोषित होते ही यात्रा तैयारियों को गति दे दी गई है।
🟢 मुख्य कार्याधिकारी का बयान
बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने कहा कि श्री बदरीनाथ व श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होते ही यात्रा की सभी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर समिति कार्यालयों व विश्राम गृहों का निरीक्षण भी लगातार किया जा रहा है।
🟢 पूजा व्यवस्था
इस यात्रा वर्ष में श्री केदारनाथ धाम में मुख्य पुजारी का दायित्व एम.टी. गंगाधर संभालेंगे। वहीं श्री मदमहेश्वर धाम हेतु शिवशंकर लिंग पूजा व्यवस्था का दायित्व निभाएंगे। शिवरात्रि के अवसर पर मुजफ्फरनगर निवासी अभिनव सुशील द्वारा मंदिर को फूलों से सजाने में विशेष सहयोग किया गया।

You may have missed

Share