उत्तराखंड में यहाँ दर्दनाक सड़क हादसे मै बारात से लौट रहे पति पत्नी की गाड़ी खाई में गिरने से हुई दर्दनाक मौत, घटना से क्षेत्र में शोक की लहर,,,,

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के घाट क्षेत्र में रविवार देर शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। टनकपुर–तवाघाट हाईवे पर शहीद द्वार के पास बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार संख्या UK 06 AZ 8788 मटेला बैंड से लगभग एक किलोमीटर आगे अचानक असंतुलित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में सवार योगेश कुमार (38 वर्ष) पुत्र जीवन राम और उनकी पत्नी निधि आर्या (26 वर्ष) निवासी बजेटी, पिथौरागढ़, गंगोलीहाट में अपने रिश्तेदार की बारात में शामिल होकर पिथौरागढ़ लौट रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रात का अंधेरा और दुर्गम खाई होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया और पुलिस के सुपुर्द किया गया। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए, जिससे शवों को निकालने में काफी समय लगा।
बताया जा रहा है कि योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग टकाना (पिथौरागढ़) में बाबू के पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी निधि आर्या रानीखेत में सरकारी सेवा में तैनात थीं। दोनों का असमय निधन पूरे क्षेत्र के लिए गहरा आघात है।
घाट चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जीतेंद्र सोराड़ी ने बताया कि,
“हादसे में दंपति की मृत्यु हुई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। रात होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी आई, लेकिन एसडीआरएफ की मदद से अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।”
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं, इस दुखद घटना के बाद गांव और रिश्तेदारों में मातम पसरा हुआ है।

More Stories
उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षा निदेशालय घटना के विरोध में मिनिस्ट्रियल कर्मियों ने किया दो दिवसीय कार्यबहिष्कार, 23-24 फरवरी को प्रदेश मे होगा आंदोलन,,,
उत्तराखंड शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट प्रकरण में आरोपी विधायक उमेश शर्मा “काऊ” से होगा जवाब तलब- BJP (उत्तराखंड)
उत्तराखंड में NDPS के लंबित मामलों पर सख्ती, एडीजी कानून व्यवस्था ने विभाग को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश,,,,,