August 13, 2026

उत्तराखंड में यहां हेली एंबुलेंस बनी जीवनदायिनी, जटिल प्रसव के दौरान गंभीर महिला को जिला प्रशासन ने त्वरित एयरलिफ्ट कर दून हॉस्पिटल के लिए किया रवाना,,,

उत्तराखंड में यहां हेली एंबुलेंस बनी जीवनदायिनी, जटिल प्रसव के दौरान गंभीर महिला को जिला प्रशासन ने त्वरित एयरलिफ्ट कर दून हॉस्पिटल के लिए किया रवाना,,,

उत्तरकाशी। नौगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जुड़वा गर्भावस्था के दौरान प्रसव करा रही 28 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ने पर जिला प्रशासन की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कर महिला को देहरादून स्थित दून अस्पताल रेफर किया।

​ग्राम पिपियारा (पोस्ट ऑफिस कुंवा) निवासी अर्चना रावत (28) को बुधवार को प्रसव हेतु नौगांव स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। महिला जुड़वा बच्चों की मां बनने वाली थी। प्रसव प्रक्रिया के दौरान एक शिशु का जन्म तो सामान्य रूप से हो गया, लेकिन दूसरे शिशु के जन्म में गंभीर अवरोध (Obstruction) उत्पन्न हो गया, जिससे महिला की स्थिति नाजुक हो गई।

​स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए तत्काल उसे उच्च स्तरीय मेडिकल सेंटर ले जाने की सलाह दी। इस पर परिजनों ने प्रशासन से आपातकालीन हेली एंबुलेंस की गुहार लगाई।

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और बिना समय गंवाए एयर एंबुलेंस का इंतजाम किया। दोपहर 2:27 बजे गंभीर प्रसूता को नौगांव चामी हेलीपैड से देहरादून के दून अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया।

​प्रशासन की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के कारण गंभीर स्थिति में फंसी प्रसूता को समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलना संभव हो सका, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Share