August 12, 2026

उत्तराखंड बीआरओ भर्ती में फर्जी आधार कार्ड का मामला उजागर, सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता,,,

उत्तराखंड बीआरओ भर्ती में फर्जी आधार कार्ड का मामला उजागर, सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता,,,


गोपेश्वर: सीमांत क्षेत्र में स्थित सुरईथोठा के बीआरओ कैंप में भर्ती प्रक्रिया के दौरान बाहरी व्यक्तियों द्वारा स्थानीय गांवों के नाम पर फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों ने इसे सुरक्षा के लिहाज से गंभीर बताया है।
जानकारी के अनुसार, सीमांत ब्लॉक ज्योर्तिमठ के सुरईथोठा स्थित Border Roads Organisation (बीआरओ) कैंप में चल रही भर्ती के लिए कुछ बाहरी व्यक्तियों ने स्थानीय गांवों के नाम पर कथित रूप से फर्जी आधार कार्ड बनवाए। मामला सामने आने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से इसकी जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहन सिंह बुटोला, स्थानीय प्रधानों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इस पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से बाहरी लोगों की घुसपैठ सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में फर्जी आधार कार्ड बनाने या बनवाने की पुष्टि होती है तो संबंधित सेंटरों और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी।

You may have missed

Share