September 10, 2026

उत्तराखंड ईंधन की बचत को जन-आंदोलन बनाएं: बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक की अपील, खुद पैदल चलकर दिया संदेश,,,

उत्तराखंड ईंधन की बचत को जन-आंदोलन बनाएं: बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक की अपील, खुद पैदल चलकर दिया संदेश,,,

हरिद्वार, वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और ऊर्जा संकट के बीच भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), हरिद्वार ने ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल की है। बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने संस्थान के सभी अधिकारी-कर्मचारियों से ईंधन की बचत को एक जन-आंदोलन बनाने की पुरजोर अपील की है।

​इस अभियान के प्रति जागरूकता का संचार करने के लिए कार्यपालक निदेशक ने खुद मिसाल पेश की। वह महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संतोष कुमार गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पैदल चलकर कार्यालय पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने पूरे दिन फैक्ट्री परिसर के भीतर भी विभिन्न विभागों में आवागमन के लिए वाहनों के बजाय पैदल चलने को प्राथमिकता दी।

‘आर्थिक देशभक्ति’ को आत्मसात करने का आह्वान

​बीएचईएल हरिद्वार इकाई के कर्मचारियों को जारी अपने विशेष संदेश में श्री रंजन कुमार ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में ईंधन की बचत केवल एक आर्थिक जरूरत नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति हमारी साझी जिम्मेदारी भी है।

​उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन की खपत को कम करने के संदर्भ में दिए गए “आर्थिक देशभक्ति” के संदेश को रेखांकित करते हुए पेट्रोल और डीजल के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया:

  • ​सार्वजनिक और व्यक्तिगत जीवन में वाहनों का उपयोग सीमित और केवल आवश्यकतानुसार ही करें।
  • ​छोटी-छोटी दैनिक आदतों में बदलाव लाकर देश की ऊर्जा सुरक्षा में बड़ा योगदान दें।
  • ​वाहनों का प्रयोग कम करने से न केवल बहुमूल्य ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

समाज में जागरूकता फैलाने की मुहिम

​कार्यपालक निदेशक ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रहित के हर अभियान की तरह इस बार भी बीएचईएल हरिद्वार परिवार अग्रणी और अनुकरणीय भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने और मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

“ऊर्जा तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बीएचईएल हमेशा से संवेदनशील और निरंतर प्रयासरत रहा है। भविष्य में भी जन-जागरूकता को बढ़ावा देने वाली इस तरह की विभिन्न सकारात्मक पहल जारी रहेंगी।- बीएचईएल प्रबंधन

Share