उत्तराखंड को केंद्र की बड़ी सौगात, पूंजीगत विकास के लिए 451.63 करोड़ रुपये की पहली किस्त मंजूर,,,

देहरादून। उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) और पूंजीगत विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्र ने राज्य के लिए 451.63 करोड़ रुपये की विशेष सहायता (ऋण) की पहली किस्त को मंजूरी दे दी है। यह वित्तीय मदद चालू वित्तीय वर्ष में ‘पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना’ के तहत जारी की गई है।
इन क्षेत्रों को मिलेगी नई रफ्तार
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार, यह राशि अनटाइड फंड (Untied Fund) के अंतर्गत स्वीकृत पूंजीगत परियोजनाओं के लिए दी गई है। इस धनराशि का उपयोग राज्य सरकार केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत निम्नलिखित प्रमुख क्षेत्रों में करेगी:
- सड़क नेटवर्क का विस्तार और सुधार
- स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण
- शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार
- पेयजल आपूर्ति योजनाओं का विस्तार
- पर्यटन बुनियादी ढांचे का विकास
इस विशेष सहायता से राज्य में चल रही विभिन्न जनहित और विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार, पारदर्शिता का दिया भरोसा

इस महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया है।
”प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास में एक मजबूत सहयोगी की भूमिका निभा रही है। इस वित्तीय सहायता से राज्य की आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं को एक नई गति मिलेगी”- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इस धनराशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही के साथ केवल जनहित से जुड़ी पूंजीगत परियोजनाओं पर ही करेगी, जिससे उत्तराखंड का समग्र और सतत (सस्टेनेबल) विकास सुनिश्चित हो सके।

More Stories
उत्तराखंड प्रकृति का अद्भुत चक्र, ओम पर्वत पर फिर लौटी पवित्र ‘ओम’ की आकृति, यात्रियों में उल्लास,,,,
उत्तराखंड में ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी का बड़ा प्रशासनिक फैसला, एबीडीओ को मिला प्रमोशन और विकासखंडों को मिले बीडीओ,,,
उत्तराखंड धारचूला में काली नदी पर बने पहले मोटर पुल का स्वागत बोर्ड विवादों में, नेपाल की आपत्ति के बाद भारतीय गांव का नाम ढका,,,