August 23, 2026

उत्तराखंड मसूरी में बालिकाओं के लिए निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण शिविर का होगा आयोजन, स्वर्गीय नंद किशोर बंबू को समर्पित है पहल,,,

उत्तराखंड मसूरी में बालिकाओं के लिए निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण शिविर का होगा आयोजन, स्वर्गीय नंद किशोर बंबू को समर्पित है पहल,,,

मसूरी। रॉक ब्लू क्लब के तत्वावधान में क्लब के संस्थापक अध्यक्ष तथा अंतरराष्ट्रीय रोलर हॉकी रैफरी स्वर्गीय नंद किशोर बंबू की स्मृति में मसूरी की बालिकाओं के लिए एक निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आगामी सोमवार यानी 24 अगस्त से लाइब्रेरी बाजार स्थित लॉर्ड लक्ष्मीनारायण फाउंडेशन स्कूल के मैदान में यह शिविर शुरू होगा।

​रॉक ब्लू क्लब के प्रतिनिधि अथर्व सोनकर ने बताया कि यह हॉकी शिविर मसूरी की सभी सीनियर बालिकाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है, जो हॉकी का खेल सीखकर भविष्य में मसूरी का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं।

​अथर्व सोनकर ने जानकारी दी कि शिविर में प्रतिभागियों को हॉकी के बेसिक से लेकर एडवांस्ड लेवल तक का तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही, पहली बार खेल से जुड़ने वाली खिलाड़ियों का विशेष स्वागत कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। जिन बालिकाओं के पास हॉकी किट उपलब्ध नहीं है, उन्हें क्लब द्वारा निःशुल्क किट भी प्रदान की जाएगी।

​प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। इसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को आगे चलकर जिला स्तर पर ट्रायल्स में भाग लेने का विशेष अवसर भी प्रदान किया जाएगा।

​आयोजकों के अनुसार यह शिविर सोमवार से शनिवार तक दोपहर 03:00 बजे से शाम 07:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वहीं, रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों में यह प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक संचालित होगा। रॉक ब्लू क्लब ने स्थानीय बालिकाओं से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

You may have missed

Share