उत्तराखंड में मिलावटखोरों और जमाखोरों पर शिकंजा, मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में विशेष अभियान तेज,,,

देहरादून। राज्य में त्योहारी और आम दिनों में खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट तथा जमाखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए धामी सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कड़े निर्देशों के बाद प्रदेश के सभी जिलों में एक सप्ताह तक चलने वाले इस विशेष अभियान की निगरानी की कमान मंडलायुक्तों को सौंपी गई है।
जिला प्रशासन और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर रही हैं, जहां मानकों पर खरा न उतरने वाले खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ ही एक्सपायरी और खराब सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है। इसके साथ ही, चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलिंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर भी प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।

राजधानी देहरादून में इस अभियान के तहत सोमवार को 11 नए नमूने एकत्र किए गए, जबकि 1 अगस्त से अब तक कुल 70 प्रतिष्ठानों की जांच कर 48 नमूने लिए जा चुके हैं और नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 दुकानदारों को नोटिस थमाए गए हैं। इसी प्रकार हरिद्वार में 17 अगस्त से अब तक 47 प्रतिष्ठानों की जांच कर 27 नमूने लेकर 10 नोटिस जारी किए गए हैं।
नैनीताल में 10 दुकानों का निरीक्षण कर 6 नमूने लेने के साथ ही 10 किलो मानकविहीन मिठाई को नष्ट कराया गया, वहीं रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों से 6 नमूने लेकर एक्सपायरी सामग्री को हटवाया गया। इसके अतिरिक्त, चंपावत में 21 स्थानों की जांच कर 10 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं तथा पौड़ी में 10, टिहरी में 6, उत्तरकाशी में 4, चमोली में 3, बागेश्वर में 3, अल्मोड़ा में 2 और पिथौरागढ़ में 2 खाद्य नमूने एकत्र किए गए हैं। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ और निरंतर कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य और उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो रही है।

More Stories
उत्तराखंड कैबिनेट बैठक, सहकारिता नीति-2026, उपनल कर्मचारियों के फैसले और ऊर्जा क्षेत्र के प्रस्तावों पर भी लगी मुहर,,,
उत्तराखंड अल्मोड़ा के रवि टम्टा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, हवा में उड़ने वाले वाहन ‘हैपिडा स्काईनैक्स’ प्रोजेक्ट को मिला समर्थन,,,
उत्तराखंड कांग्रेस सरकार बनाना ही मेरा एकमात्र लक्ष्य: डॉ. हरक सिंह रावत, खुद के टिकट को लेकर भी स्पष्ट की स्थिति,,,,