November 25, 2026

उत्तराखंड हरिद्वार निर्मल अखाड़े और गुरुद्वारों में गूंजी गुरबाणी, धूमधाम से मनाया गया गुरु नानकदेव का 557वां प्रकाश पर्व,,,

उत्तराखंड हरिद्वार निर्मल अखाड़े और गुरुद्वारों में गूंजी गुरबाणी, धूमधाम से मनाया गया गुरु नानकदेव का 557वां प्रकाश पर्व,,,

​हरिद्वार। कनखल स्थित पंचायती अखाड़ा निर्मल सहित शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में सिखों के पहले गुरु, श्री गुरु नानकदेव जी का 557वां प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया।

​संतों और संगत ने अरदास कर लिया आशीष

निर्मल पीठाधीश्वर श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज के सानिध्य में आयोजित मुख्य समारोह में संतों, श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों ने कीर्तन, भजन और अरदास कर गुरुजी को नमन किया। अखाड़े के कोठारी महंत जसविंदर सिंह शास्त्री ने गुरु नानकदेव के ‘किरत करो, नाम जपो, वंड छको’ के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं जाति-धर्म से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता और विश्व बंधुत्व की प्रेरणा देती हैं।

​अखंड पाठ का भोग और गंगा स्नान के लिए जत्था रवाना

लालढांग के गैंडीखाता स्थित गुरुद्वारा संत सागर बीरली साहिब में तीन दिनों तक चले श्री अखंड पाठ के भोग के बाद ज्ञानी गुरमीत सिंह के जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया और संगत को गुरु के जीवन प्रसंगों से अवगत कराया। वहीं, पथरी क्षेत्र के दिनारपुर सिख सभा गुरुद्वारे से प्रधान सुच्चा सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में सिख समाज का एक जत्था हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान के लिए रवाना हुआ। इसके अतिरिक्त भूपतवाला स्थित प्राचीन बावली का गुरुद्वारा में राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में लोगों ने अरदास कर लंगर प्रसाद ग्रहण किया और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Share