September 2, 2026

उत्तराखंड में लगातार मानसून का कहर जारी, सात जिलों में स्कूल बंद, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई क्षेत्रों के लिए किया ऑरेंज अलर्ट जारी,,,

उत्तराखंड में लगातार मानसून का कहर जारी, सात जिलों में स्कूल बंद, मौसम विभाग ने प्रदेश के कई क्षेत्रों के लिए किया ऑरेंज अलर्ट जारी,,,

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का रौद्र रूप लगातार बना हुआ है, जिसके चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही इस बारिश से प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रखा गया है।

🔴 प्रमुख क्षेत्रों में दर्ज बारिश के आंकड़े

मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, नैनीताल जिले में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। विभिन्न क्षेत्रों में रिकॉर्ड की गई वर्षा इस प्रकार है,,,

क्षेत्र

बारिश की मात्रा (मिलीमीटर में)

भीमताल

158

धारी

135

कोश्याकुटौली

93.5

झूलाघाट

76

कालाढूंगी

66

बेतालघाट

61.5

रायवाला

60.5

🔴 नदियों का बढ़ा जलस्तर और प्रशासन की मुस्तैदी

लगातार हो रही बारिश से बागेश्वर में सरयू नदी और नैनीताल जिले में गौला नदी उफान पर हैं। इसे देखते हुए हल्द्वानी की उप जिलाधिकारी मोनिका और तहसीलदार कुलदीप पांडे ने गौला पुल, फतेहपुर, दमुवाढूंगा, राजपुरा और कुसुमखेड़ा सहित विभिन्न संवेदनशील तथा जलभराव संभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।

🔴 सात जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए भारी बारिश के चेतावनी के चलते प्रदेश के सात जिलों में चंपावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, उत्तरकाशी और ऊधम सिंह नगर के कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। कुछ जिलों में छात्रहित को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

🔴 अगले 24 घंटों के लिए मौसम का पूर्वानुमान

  • ऑरेंज अलर्ट: ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश तथा आकाशीय बिजली चमकने की आशंका।
  • येलो अलर्ट: प्रदेश के शेष जनपदों में भारी बारिश की संभावना।

​आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से नदी-नालों, गदेरों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने, घरों के भीतर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

You may have missed

Share