September 16, 2026

उत्तराखंड हरिद्वार पुलिस ने किया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 9 चोरी की बाइकों सहित एक शातिर को किया गिरफ्तार,,,,,

उत्तराखंड हरिद्वार पुलिस ने किया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 9 चोरी की बाइकों सहित एक शातिर को किया गिरफ्तार,,,,,

हरिद्वार। हरिद्वार के सिडकुल पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए एक बड़े वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिलें और एक बाइक के पुर्जे बरामद किए गए हैं। यह गिरोह मुख्य रूप से सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्रों को अपना निशाना बनाता था।

🔴 पुलिस चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा आरोपी

​एसपी क्राइम निशा यादव ने सिडकुल थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार शाम थानाध्यक्ष अजय शाह पुलिस टीम के साथ ‘किर्बी चौक’ पर सघन वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पॉलीटेक्निक की ओर से एक संदिग्ध तेज रफ्तार बाइक सवार आता दिखा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने अचानक बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। जल्दबाजी में बाइक का टायर फिसल गया और वह सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे तत्काल दबोच लिया।

🔴 बंद पड़ी खाद फैक्ट्री को बनाया था ठिकाना

​पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम श्रवण (निवासी गांव दौलतपुर, थाना बहादराबाद) बताया। उसके पास मिली बाइक के चेसिस और इंजन नंबर की जांच की गई तो वह चोरी की निकली। एसपी निशा यादव द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने ठिकाने का राज उगल दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री के अंदर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 8 अन्य मोटरसाइकिलें और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए।

🔴 लक्सर और देवबंद का गैंगस्टर है आरोपी

​पुलिस की विस्तृत जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी श्रवण का एक लंबा आपराधिक इतिहास है। वह हरिद्वार के लक्सर और यूपी के देवबंद थाने का गैंगस्टर भी है। आरोपी के खिलाफ हरिद्वार जिले के सिडकुल, बहादराबाद और लक्सर कोतवाली के अलावा देहरादून के डोईवाला और सहारनपुर (उ.प्र.) के देवबंद में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

🔴 फरार साथी की तलाश में दबिश जारी

​आरोपी श्रवण ने पुलिस के सामने कुबूल किया है कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोपहिया वाहनों की चोरी को अंजाम देता था और चोरी के वाहनों को बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा देता था। पुलिस द्वारा अब इस गिरोह के दूसरे फरार साथी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

You may have missed

Share