उत्तराखंड फर्जी प्रमाणपत्र बनाने का ठेका लेने वाले छात्र के पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार, MBBS दाखिले में स्वतंत्रता सेनानी कोटे के दुरुपयोग का पर्दाफाश,,,

देहरादून। एमबीबीएस दाखिले के दौरान उत्तराखंड के स्वतंत्रता सेनानी प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर हुए बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मेरठ के दलाल रूपेश पंडित और एक आरोपी छात्रा के पिता अरविंद को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने 45 लाख रुपये में फर्जी दस्तावेज तैयार करने का ठेका लिया था।
यूनिवर्सिटी की जांच और एसआईटी का गठन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले स्वतंत्रता सेनानी कोटे से चार छात्राओं ने एमबीबीएस में दाखिला पाया था। जब मेडिकल यूनिवर्सिटी को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने प्रशासन से जांच कराने को कहा। जांच में सभी छात्राओं के दस्तावेज फर्जी पाए गए, जिसके बाद रायपुर थाने में आरोपी छात्राओं व उनके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर एसपी देहात जया बलूनी की अध्यक्षता में एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है, जो पिछले तीन दिनों से गहन जांच कर रही है।
दलाल रूपेश पंडित और आरोपी पिता की संलिप्तता
एसआईटी की शुरुआती पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर लक्सर निवासी अरविंद (आरोपी छात्रा के पिता) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में अरविंद ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटी और दो अन्य छात्राओं के दाखिले के लिए मेरठ में एजुकेशन कंसल्टेंसी चलाने वाले रूपेश पंडित से मिला था, जिसे वह कई सालों से जानता था। रूपेश ने 45 लाख रुपये प्रति छात्रा के हिसाब से दस्तावेज बनाने का सौदा तय किया था और एडवांस के तौर पर 20-20 लाख रुपये ले लिए थे।
फर्जी आधार कार्ड और ऑनलाइन आवेदन की साज़िश
एसएसपी ने बताया कि रूपेश ने अरविंद से कहा था कि वह इन छात्राओं को स्वतंत्रता सेनानी कोटे से एमबीबीएस में दाखिला दिला सकता है। इसके बाद उसने फर्जी आधार कार्ड बनवाए और उनके जरिए ऑनलाइन आवेदन कर प्रमाण पत्र तैयार करवा लिए। कुछ दिनों बाद जब ये प्रमाण पत्र बन गए, तो तीनों छात्राओं के दाखिले एमबीबीएस में करा दिए गए। पुलिस के अनुसार इस मामले में 10 से 12 अन्य आरोपी भी एसआईटी के रडार पर हैं, जिनकी जल्द गिरफ्तारी की जा सकती है।

More Stories
उत्तराखंड के कोटद्वार में प्रशासन का बड़ा एक्शन, लकड़ीपड़ाव स्थित मदीना/रसीदिया मस्जिद पर छापा, बिना मान्यता के चल रहे दो मदरसे किए सील,,,,
उत्तराखंड में भविष्य के शहरी विकास की तैयारी तेज, 98 शहरों के लिए बन रही महायोजनाएं, जीआइएस मैपिंग करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तराखंड,,,
उत्तराखंड बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, दुष्यंत गौतम को हटाकर राम माधव और सह प्रभारी पद पर बांसुरी स्वराज को सौंपी नई कमान,,,,