October 2, 2026

हरिद्वार परिवहन विभाग का अच्छा प्रयास, दोपहिया से स्कूल जा रहे 20 नाबालिगों के वाहन किए सीज, अभिभावकों को दी सख्त हिदायत,,,,

हरिद्वार परिवहन विभाग का अच्छा प्रयास, दोपहिया से स्कूल जा रहे 20 नाबालिगों के वाहन किए सीज, अभिभावकों को दी सख्त हिदायत,,,,

​हरिद्वार। स्कूल जाने की उम्र में दोपहिया वाहन दौड़ा रहे नाबालिग छात्रों पर परिवहन विभाग ने कड़ा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने जगजीतपुर क्षेत्र स्थित विभिन्न स्कूलों और उनके आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूटी व मोटरसाइकिल से स्कूल पहुंचे 20 नाबालिग विद्यार्थियों को पकड़ा गया और उनके वाहन मौके पर ही सीज कर दिए गए।

​🔴 स्कूल प्रबंधन से ली जानकारी, गलियों में छिपे वाहनों पर भी नजर

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्कूलों के आसपास वाहनों की गहन जांच की और विद्यालय प्रबंधन से भी जानकारी ली। प्राचार्यों ने टीम को बताया कि नाबालिग छात्रों को दोपहिया वाहनों से स्कूल न भेजने के लिए अभिभावकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं, इसके बावजूद कई छात्र वाहन लेकर आ रहे थे। वहीं, कई छात्र विभागीय कार्रवाई से बचने के लिए वाहनों को स्कूल परिसर में खड़ा न करके आसपास की गलियों में छिपा देते थे। टीम ने विद्यालय प्रशासन को विश्वास में लेकर ऐसे वाहनों को भी चिह्नित कर सीज किया।

​🔴 अभिभावकों को दी गई कड़ी चेतावनी

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को बुलाकर पूरी जानकारी दी और सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था करें तथा किसी भी सूरत में नाबालिगों को वाहन न सौंपें।

​🟢 सड़क सुरक्षा को लेकर एआरटीओ का संदेश

एआरटीओ नेहा झा ने बताया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित आयु पूरी किए बिना वाहन चलाना स्वयं बच्चों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए बेहद जोखिम भरा है। कम उम्र में वाहन चलाने से सड़क हादसों की आशंका अत्यधिक बढ़ जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों को दोपहिया वाहन न देने की प्राथमिक जिम्मेदारी अभिभावकों की है।

​इस चेकिंग अभियान के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और यातायात कर अधिकारी भारत भूषण मुख्य रूप से मौजूद रहे।

You may have missed

Share