November 26, 2026

हरिद्वार के बहादराबाद में 12 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, दो अन्य तस्कर मौके से फरार,,,

हरिद्वार के बहादराबाद में 12 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, दो अन्य तस्कर मौके से फरार,,,

​बहादराबाद (हरिद्वार): बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान करीब 12 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस और एक मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर जंगल में संरक्षित पशु का कटान करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

​पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात पुलिस टीम सहदेवपुर-हलवाहेड़ी तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी घोड़ेवाला की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने जब बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, तो वह घबराकर वापस मुड़कर भागने लगा। इसी हड़बड़ाहट में उसकी बाइक बंद हो गई और पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

​बाइक पर रखे कट्टे की तलाशी लेने पर उसके अंदर से लगभग 12 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुबारिक निवासी ग्राम मुस्तफाबाद (कोतवाली बहादराबाद) बताया। उसने कबूल किया कि उसने अपने साथी इमरान और छोटन (निवासी ग्राम भारापुर) के साथ मिलकर भारापुर के जंगल में संरक्षित पशु का कटान किया था। वह मांस बेचने के लिए ले जा रहा था, जबकि उसके दोनों साथी शेष मांस लेकर बोड़ाहेड़ी की ओर फरार हो गए। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि बरामद मांस का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है और शेष मांस को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया है।

Share