हरिद्वार में क्रिकेट जगत में रसूख का झांसा देकर एनआरआई से 2.5 करोड़ की धोखाधड़ी, NRI ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर की शिकायत,,,
हरिद्वार। क्रिकेट टीम की फ्रेंचाइजी दिलाने और बड़े क्रिकेटरों से रसूखदार संबंधों का झांसा देकर एक अनिवासी भारतीय (एनआरआई) रियल एस्टेट कारोबारी से ₹2.50 करोड़ की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
• ‘नॉर्दर्न वॉरियर्स’ की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर ऐंठे रुपये, प्रेस वार्ता में पीड़ित कारोबारी ने किया खुलासा
• साल भर तक टालमटोल करता रहा हरिद्वार निवासी आरोपी, अब कानूनी कार्रवाई की मांग
पीड़ित कारोबारी ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया और आमजन को ऐसे धोखेबाजों से सतर्क रहने की अपील की।
दिल्ली में हुई थी मुलाकात
प्रेस क्लब में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कनाडा निवासी रियल एस्टेट कारोबारी हेमंत शर्मा ने बताया कि व्यापार के सिलसिले में दिल्ली प्रवास के दौरान उनकी मुलाकात हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खेल जगत और दिग्गज क्रिकेटरों से अपनी गहरी जान-पहचान का दावा किया। उसने हेमंत शर्मा को ‘नॉर्दर्न वॉरियर्स’ क्रिकेट टीम की फ्रेंचाइजी दिलाने का पूर्ण आश्वासन दिया।
रुपये लेकर दूसरी टीम से कर दिया करार
आरोपी की बातों पर भरोसा करते हुए हेमंत शर्मा ने फ्रेंचाइजी हासिल करने के एवज में उसे कुल ₹2.50 करोड़ की भारी-भरकम रकम सौंप दी। आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपी ने धोखाधड़ी करते हुए उक्त फ्रेंचाइजी का करार किसी अन्य टीम के साथ कर दिया।
व्हाट्सएप पर देता रहा केवल दिलासा
धोखाधड़ी का अहसास होने पर जब कारोबारी ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी लगातार हीलाहवाली करने लगा। पीड़ित के अनुसार, आरोपी केवल व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से ही संपर्क में रहा और लगातार पैसे लौटाने का झूठा आश्वासन देता रहा।
एसएसपी से गुहार, लोगों को किया आगाह

करीब एक वर्ष तक रकम वापसी के इंतजार के बाद आखिरकार 17 सितंबर को हेमंत शर्मा ने हरिद्वार पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय में आरोपी के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई।
हेमंत शर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य न केवल अपनी रकम की रिकवरी और आरोपी पर कानूनी शिकंजा कसना है, बल्कि अन्य लोगों को भी इस तरह के खेल और रसूख के नाम पर सक्रिय ठगों से सतर्क करना है।
इस पत्रकार वार्ता के दौरान उनके साथ सुमित चौधरी और नीरज चौधरी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

More Stories
उत्तराखंड मुख्यमंत्री ने आज महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को भावभीनी श्रद्धांजलि देकर उनके विचारों को बताया राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा,,,,
उत्तराखंड उच्च हिमालय में भारी बर्फबारी के बाद उत्तरकाशी में ट्रेकिंग और पर्वतारोहण पर अस्थायी रोक, पर्यटन व्यवसायियों ने जताया विरोध,,,
उत्तराखंड नवमी पर प्रदेश के सभी प्रखंडों में ‘नौ देवियों’ का सम्मान करेगी धामी सरकार, 4 अक्टूबर को कैबिनेट बैठक में आएगा प्रस्ताव,,,