हरिद्वार रवासन नदी पर ₹9.12 करोड़ की लागत से बनेगा 250 मीटर लंबा पैदल स्टील ट्रस पुल, शासनादेश जारी, आंदोलन का असर जल्द होगा शिलान्यास- अनुपमा रावत
लालढांग (हरिद्वार): क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है। रवासन नदी पर 9.12 करोड़ रुपये की लागत से 250 मीटर लंबे पैदल स्टील ट्रस पुल के निर्माण के लिए शासन ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए शासनादेश (GO) जारी कर दिया है। शासनादेश जारी होने के साथ ही रवासन नदी के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी की लहर है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने समाप्त कराया धरना

रसूलपुर में रवासन नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले एक माह से धरने पर बैठे थे। सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद स्वीकृत शासनादेश की प्रति लेकर रसूलपुर धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों का धरना समाप्त कराया।
स्वामी यतीश्वरानंद ने बताया कि तत्कालीन कैबिनेट मंत्री रहते हुए उन्होंने रसूलपुर में रवासन नदी पर पुल का प्रस्ताव तैयार कराया था, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की थी। अब शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद पुल निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। पैदल आवाजाही करने वाले ग्रामीणों और राहगीरों के लिए यह पुल मील का पत्थर साबित होगा।
आंदोलन के बाद जारी हुआ शासनादेश, जल्द होगा शिलान्यास- अनुपमा रावत
वहीं दूसरी ओर, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने प्रेस को जारी बयान में शासनादेश जारी होने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुल न होने के कारण क्षेत्र की महिलाओं, स्कूली बच्चों और युवाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जनता की इस परेशानी को दूर करने के लिए उन्होंने लगातार आंदोलन और संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को शासनादेश जारी करना पड़ा। विधायक ने कहा कि पुल निर्माण से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और जल्द ही इसका विधिवत शिलान्यास कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं के लिए निरंतर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

पुल की स्वीकृति पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और पूर्व मंत्री का आभार प्रकट किया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य बृजमोहन पोखरियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम चौहान, आलोक द्विवेदी, सुरेंद्र, दीपक जखमोला, ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी, शिव सिंह राव, लक्ष्मी प्रसाद ममगाईं, मोहम्मद एहसान, प्रेम सिंह सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


More Stories
उत्तराखंड प्रदेश में 3 से 4 जिलों के DM सहित CDO, ADM और SDM स्तर पर बदलाव की संभावना, तीन साल से जमे अफसरों पर गिरेगी गाज,,,
उत्तराखंड में अब ग्रामीण सड़कों का बिछेगा जाल, PMGSY-IV के तहत ₹2,708 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी पर सहमति,,,
उत्तराखंड हरिद्वार कुंभ मेला-2027 हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और थीम सॉन्ग का किया लोकार्पण,,,,