November 1, 2026

उत्तराखंड हरिद्वार गुरुकुल कांगड़ी में कुलसचिव के साथ मारपीट, चार कर्मचारी नेता गिरफ्तार,,,

उत्तराखंड हरिद्वार गुरुकुल कांगड़ी में कुलसचिव के साथ मारपीट, चार कर्मचारी नेता गिरफ्तार,,,

​हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे कर्मचारियों को समझाने और सुझाव देने पहुंचे बुजुर्ग कुलसचिव डॉ. सत्यदेव निगमालंकार के साथ कुछ कर्मचारी नेताओं ने कथित तौर पर अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार कर्मचारी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।

​कनखल कोतवाली पुलिस के मुताबिक, विश्वविद्यालय में कर्मचारी हड़ताल और धरने पर थे। शनिवार को जब कुलसचिव डॉ. सत्यदेव निगमालंकार धरनास्थल पर पहुंचे, तो कर्मचारियों के साथ उनकी तीखी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कुछ कर्मचारियों ने बुजुर्ग कुलसचिव को जमीन पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलते ही कुलपति प्रतिभा लुथरा सीधे कोतवाली पहुंचीं और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

​कनखल पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रजनीश भारद्वाज, नरेंद्र मलिक, ओमबीर सिंह और उमाशंकर (सभी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय परिसर निवासी) को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Share