उत्तराखंड में 15 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क, पांच पर्वतीय जिलों की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी के आसार,,,

देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज फिलहाल सामान्य बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से 9 से 15 नवंबर तक जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, इस पूरे सप्ताह प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, पांच पर्वतीय जनपदों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी के चलते ठिठुरन बढ़ सकती है। राज्य के किसी भी हिस्से के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, 11-12 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम साफ

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 9 और 10 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के 3300 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और हिमपात के आसार हैं। इसके बाद 11 और 12 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
सप्ताह के उत्तरार्ध में 13 से 15 नवंबर के दौरान मौसम में आंशिक बदलाव दिखेगा। इस अवधि में इन्हीं पांच जनपदों के 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में छिटपुट बारिश और बर्फबारी दर्ज की जा सकती है, जबकि शेष राज्य में मौसम साफ रहेगा।
घाटियों में कोहरे का असर, मैदानों में खिली रहेगी धूप

पर्वतीय घाटियों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। वहीं, मैदानी जनपदों में सुबह-शाम की हल्की ठंड के बीच दिन में चटख धूप खिली रहेगी, जिससे दिन का तापमान सामान्य बना रहेगा।
तापमान का अनुमान
- पर्वतीय क्षेत्र (लगभग 2000 मीटर ऊंचाई): साप्ताहिक औसत अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.2 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक) रहने का अनुमान है।
- मैदानी क्षेत्र: औसत अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.7 डिग्री कम) रहने की संभावना है।
कुल मिलाकर, 15 नवंबर तक उत्तराखंड में किसी बड़े मौसमी विक्षोभ की संभावना नहीं है। मैदानी इलाकों में सुहावने मौसम के साथ दिनचर्या सामान्य रहेगी, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी से पहाड़ों में धीरे-धीरे ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।

More Stories
उत्तराखंड बदरीनाथ धाम की बामणी पहाड़ियों में स्काई शॉट पटाखे से भड़की भीषण आग, वन विभाग की कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू ,,,
“गोवर्धन पूजा कब” दिवाली के बाद एक दिन का अंतर, आज सोमवती अमावस्या, कल 10 नवंबर को मनेगा अन्नकूट और गोवर्धन पूजा का महापर्व,,,
“उत्तराखंड स्थापना दिवस” पर नैनीताल में 9 नवंबर को सजेगा ‘हिमालयन फूड फेस्टिवल’, बागेश्वर की ट्राउट मछली होगी मुख्य आकर्षण, एंट्री फ्री,,,,