November 18, 2026

हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र दुष्कर्म मामले में एम्स में भर्ती 11 माह की मासूम की हालत में सुधार, जल्द दाखिल होगी चार्जशीट,,,,

हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र दुष्कर्म मामले में एम्स में भर्ती 11 माह की मासूम की हालत में सुधार, जल्द दाखिल होगी चार्जशीट,,,,

​हरिद्वार। नगर कोतवाली के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री परिसर में 11 माह की मासूम बच्ची के साथ हुए यौन शोषण के गंभीर मामले में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराई गई पीड़िता की हालत में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए तय समय सीमा के भीतर साक्ष्यों के साथ न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया जाएगा।

​घटनाक्रम के अनुसार, रविवार रात फैक्ट्री परिसर में ही रहने वाले एक युवक पर मासूम के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां प्राथमिक जांच के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया था।

​मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ कुमार (निवासी भागलपुर, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब 15 दिनों से उसी फैक्ट्री में काम कर रहा था और पीड़िता के परिवार के साथ ही परिसर में रह रहा था। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्ची की सेहत में सुधार है और आरोपी को सोमवार को ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। अब विधिक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

You may have missed

Share